बांसवाड़ा (मोटागांव): जिले के मोटागांव थाना क्षेत्र के टामटिया गांव में हुए सनसनीखेज हत्याकांड के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक 6 संदिग्धों को हिरासत में लिया है. इस वारदात के बाद से ही क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है, जिसे देखते हुए गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है.
12 लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा
परिजनों द्वारा दी गई रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने कुल 12 नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है. बांसवाड़ा एसपी सुधीर जोशी ने बताया कि आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस की विशेष टीमें गठित की गई थीं. प्राथमिक कार्रवाई के तहत 6 लोगों को हिरासत में (डिटेन) लिया गया है, जिनसे अज्ञात स्थानों पर सघन पूछताछ की जा रही है. पुलिस का दावा है कि शेष आरोपियों को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
गमगीन माहौल में हुआ अंतिम संस्कार
मृतक गोविंद का शव पोस्टमार्टम के बाद मंगलवार सुबह कड़ी सुरक्षा के बीच परिजनों को सौंपा गया। गांव में स्थिति नियंत्रण में रखने के लिए चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात रहा. भारी पुलिस जाब्ते के बीच गमगीन माहौल में गोविंद का अंतिम संस्कार कर दिया गया. प्रशासन ने सुरक्षा के लिहाज से गांव में फिलहाल पुलिस पिकेट तैनात रखी है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति को टाला जा सके.
जांच तेज: चश्मदीदों के बयान दर्ज
मामले के अनुसंधान अधिकारी रूपसिंह ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से मुआयना करने के साथ ही चश्मदीद गवाहों के बयान दर्ज कर लिए हैं. हिरासत में लिए गए संदिग्धों से घटना की वजह और अन्य साथियों के ठिकानों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है. पुलिस हर तकनीकी और जमीनी साक्ष्य को खंगाल रही है ताकि दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके.

