Headlines

बांसवाड़ा: सज्जनगढ़ पुलिस की बड़ी सफलता, हेतमाल लूटकांड का खुलासा, चाकू की नोक पर मोबाइल छीनने वाले दो बदमाश गिरफ्तार

बांसवाड़ा (सज्जनगढ़): जिला पुलिस ने पिछले महीने हेतमाल गांव के पास हुई लूट की सनसनीखेज वारदात का पर्दाफाश कर दिया है. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से लूटा गया मोबाइल व मोटरसाइकिल की चाबी बरामद कर ली है. पकड़े गए बदमाशों ने चाकू की नोक पर एक युवक के साथ मारपीट कर लूटपाट की थी.

क्या था मामला?

घटना 22 मार्च 2026 की रात की है, जब परिवादी रोशन अली अपनी कंपनी की बाइक लेकर अपने साथियों को लेने जा रहा था. हेतमाल के पास दो बाइकों पर सवार चार बदमाशों ने उसका रास्ता रोका और मारपीट शुरू कर दी. बदमाशों ने रोशन की गर्दन पर चाकू अड़ाकर उसे जान से मारने की धमकी दी और उसका विवो (Vivo) मोबाइल, नकद राशि और बाइक की चाबी लूटकर फरार हो गए थे.

पुलिस की विशेष टीम ने ऐसे दबोचा

लूट की वारदात के बाद एसपी सुधीर जोशी के निर्देशन और एएसपी नरपत सिंह भाटी के सुपरविजन में थानाधिकारी धनपत सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई. पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों से मिली सूचना के आधार पर जाल बिछाया. पुलिस ने दबिश देकर गराड़िया निवासी दिलु उर्फ दिलीप (23) और शैलेश उर्फ शैलेन्द्र (20) को गिरफ्तार किया.

बरामदगी और आगे की जांच

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में लूटा गया मोबाइल और चाबी बरामद कर ली है. थानाधिकारी धनपत सिंह ने बताया कि पकड़े गए बदमाशों से गहन पूछताछ की जा रही है ताकि गिरोह में शामिल अन्य दो फरार साथियों का पता लगाया जा सके. पुलिस को उम्मीद है कि इन बदमाशों से पूछताछ में क्षेत्र की अन्य वारदातों के भी खुलासे हो सकते हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *