Headlines

बांसवाड़ा (आंबापुरा): जहरीली दवा के सेवन से महिला की मौत, परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से किया इनकार; शव लेकर लौटे गांव

बांसवाड़ा जिले के आंबापुरा थाना क्षेत्र के टिमरू पाड़ा गांव में एक दुखद घटना सामने आई है, जहाँ 40 वर्षीय एक महिला ने अज्ञात कारणों के चलते जहरीली दवा का सेवन कर लिया. मंगलवार सुबह उपचार के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया. हालांकि, कानूनी प्रक्रिया के बीच परिजनों ने पुलिस कार्रवाई से इनकार करते हुए बिना पोस्टमार्टम कराए ही शव अपने साथ ले गए.

तबीयत बिगड़ने पर चला घटना का पता

जानकारी के अनुसार, टिमरू पाड़ा निवासी लक्ष्मी (40) पत्नी राजेंग ने सोमवार रात घर में रखी कोई जहरीली दवा पी ली थी. शुरुआत में परिजनों को इसकी भनक नहीं लगी, लेकिन जब लक्ष्मी की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी और वह बेसुध होने लगी, तब परिवार में हड़कंप मच गया. परिजन उसे आनन-फानन में निजी वाहन से बांसवाड़ा के महात्मा गांधी अस्पताल लेकर पहुंचे.

उपचार के दौरान हुई मौत

अस्पताल में भर्ती कराए जाने के बाद चिकित्सकों ने लक्ष्मी का उपचार शुरू किया, लेकिन उसकी स्थिति में सुधार नहीं हुआ. मंगलवार सुबह इलाज के दौरान लक्ष्मी ने दम तोड़ दिया. अस्पताल प्रशासन की सूचना पर आंबापुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया.

परिजनों ने लिखित में दी रिपोर्ट, नहीं करवाई कानूनी कार्रवाई

आंबापुरा थाने के एएसआई विट्ठल ने बताया कि नियमानुसार पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने की प्रक्रिया शुरू की थी, लेकिन मृतका के परिजनों ने किसी भी प्रकार की पुलिस कार्रवाई या पोस्टमार्टम करवाने से साफ मना कर दिया. परिजनों ने पुलिस को लिखित में रिपोर्ट सौंपी कि वे इस मामले में कोई कानूनी उलझन नहीं चाहते. इसके बाद दोपहर को परिजन बिना पोस्टमार्टम कराए ही शव को अंतिम संस्कार के लिए अपने साथ गांव ले गए. फिलहाल महिला द्वारा उठाए गए इस आत्मघाती कदम के पीछे के कारणों का पता नहीं चल पाया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *