उदयपुर महाराणा भूपाल (MB) चिकित्सालय से मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है. यहाँ सुरक्षा में तैनात गार्ड्स पर एक शोक संतप्त मां के साथ दुर्व्यवहार करने और बीच-बचाव करने आए एक व्यक्ति के साथ बेरहमी से मारपीट करने का आरोप लगा है. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद अस्पताल प्रशासन और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं.
बच्ची की मौत के बाद शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, सलूंबर निवासी एक परिवार अपनी 4 माह की मासूम बच्ची की तबीयत खराब होने पर उसे उपचार के लिए एमबी हॉस्पिटल लेकर आया था. यहाँ इलाज के दौरान बच्ची ने दम तोड़ दिया. कलेजे के टुकड़े को खोने के बाद मां का बुरा हाल था और वह बेड के पास बैठकर विलाप कर रही थी. आरोप है कि इसी दौरान वहां तैनात एक महिला गार्ड आई और रो रही मां पर चिल्लाने लगी. गार्ड ने संवेदना दिखाने के बजाय मां को तुरंत वार्ड से बाहर जाने के लिए मजबूर किया.
विरोध करने पर व्यक्ति को बेरहमी से पीटा
वहीं पास के बेड पर चित्तौड़गढ़ से अपनी भतीजी का इलाज कराने आए एक व्यक्ति से मां की यह बेबसी देखी नहीं गई. उन्होंने गार्ड द्वारा एक शोक संतप्त महिला के साथ किए जा रहे इस तरह के रूखे व्यवहार का विरोध किया. विरोध सुनते ही वहां मौजूद अन्य गार्ड उग्र हो गए. विवाद इतना बढ़ा कि गार्ड्स ने मिलकर उस व्यक्ति के साथ मारपीट शुरू कर दी और खींचतान में उसके कपड़े तक फाड़ दिए.
पुलिस ने शांत कराया मामला
अस्पताल परिसर में अचानक हुई इस मारपीट और हंगामे से अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने बीच-बचाव कर मामले को शांत कराया. प्रत्यक्षदर्शियों ने गार्ड्स के इस व्यवहार की कड़ी निंदा की है. लोगों का कहना है कि अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थान पर, जहाँ लोग पहले से ही दुखी होते हैं, सुरक्षाकर्मियों का ऐसा हिंसक रवैया बर्दाश्त के बाहर है.
फिलहाल, पीड़ित पक्ष ने सुरक्षाकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. अस्पताल प्रशासन मामले की जांच की बात कह रहा है.

