Headlines

बांसवाड़ा: खेत में काम करते समय कुएं में गिरी महिला, डूबने से हुई दर्दनाक मौत

बांसवाड़ा जिले के मोटा गांव थाना क्षेत्र के गनोड़ा गांव में बुधवार सुबह एक हृदयविदारक हादसा सामने आया है. यहाँ खेतों में कृषि कार्य के दौरान एक महिला का पैर फिसलने से वह गहरे कुएं में जा गिरी. कुएं पर सुरक्षा दीवार (मुंडेर) नहीं होने के कारण महिला सीधे गहरे पानी में समा गई, जिससे डूबने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई00. इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है.

पैर फिसलने से हुआ हादसा

मृतका के परिजन नारायण जोशी ने बताया कि हर्षा (45) पत्नी धनेश्वर जोशी निवासी गनोड़ा, रोज की तरह बुधवार सुबह जल्दी अपने खेतों पर कृषि कार्य के लिए गई थी. खेत में स्थित कुआं काफी गहरा था और उसके चारों ओर मुंडेर नहीं बनी हुई थी. काम के दौरान अचानक हर्षा का संतुलन बिगड़ गया और पैर फिसलने से वह सीधे कुएं के गहरे पानी में जा गिरी. महिला को तैरना नहीं आता था, जिसके कारण वह बाहर निकलने का प्रयास सफल नहीं कर पाई और पानी में डूब गई.

ग्रामीणों की मदद से निकाला गया शव

घटना की सूचना जैसे ही आसपास के खेतों में काम कर रहे लोगों को मिली, गांव में हड़कंप मच गया. बड़ी संख्या में ग्रामीण कुएं के पास जमा हो गए. ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत कर महिला को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं. सूचना मिलने पर मोटा गांव थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटना की जानकारी ली और शव को कब्जे में लेकर स्थानीय अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया.

असुरक्षित कुएं बन रहे काल

परिजनों ने बताया कि मुंडेर नहीं होने के कारण यह हादसा हुआ. ग्रामीणों ने भी क्षेत्र में बिना मुंडेर के असुरक्षित कुओं को लेकर चिंता जताई है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *