Headlines

प्रतापगढ़: बरखेड़ी बस स्टैंड पर कार-बाइक की भीषण भिड़ंत; एक युवक की मौत, दो युवतियां गंभीर घायल

प्रतापगढ़ जिले के कोटड़ी थाना क्षेत्र स्थित बरखेड़ी बस स्टैंड के समीप बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है. एक तेज रफ्तार कार और बाइक के बीच हुई आमने-सामने की भीषण भिड़ंत में 21 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार दो युवतियां गंभीर रूप से घायल हो गईं. हादसे के बाद कार सवार मौके से फरार हो गए.

बारात से लौटते समय हुआ हादसा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, अरनोद के उकाला निवासी श्यामलाल (21) पुत्र विरजी अपनी परिचित भूमिका (पुत्री सूरजमल) और शिला (पुत्री कैलाश) के साथ एक बारात में शामिल होने दलोट गए थे. बुधवार को तीनों बाइक से वापस अरनोद लौट रहे थे. जैसे ही उनकी बाइक बरखेड़ी बस स्टैंड के पास पहुंची, सामने से आ रही एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी.

टक्कर इतनी भीषण कि कार के टायर तक निकले

भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि बाइक का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया. वहीं, टक्कर के प्रभाव से कार के आगे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसके टायर तक निकलकर अलग हो गए. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसे के वक्त कार के एयर बैग खुल गए थे, जिससे कार सवारों की जान तो बच गई, लेकिन वे मानवता दिखाने के बजाय मौके से भाग निकले.

अस्पताल में युवक को घोषित किया मृत, युवतियां रेफर

घटना की सूचना मिलते ही एम्बुलेंस के पायलट राकेश मीणा और ईएमटी विनोद मीणा मौके पर पहुंचे. उन्होंने तुरंत तीनों घायलों को अरनोद अस्पताल पहुंचाया, जहाँ चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद श्यामलाल को मृत घोषित कर दिया. वहीं, गंभीर रूप से घायल शिला और भूमिका की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल प्रतापगढ़ रेफर किया गया है.

पुलिस जांच और फरार आरोपियों की तलाश

कोटड़ी थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया और यातायात सुचारू किया. पुलिस ने मृतक का शव मोर्चरी में रखवाया है और परिजनों को सूचित कर दिया गया है. फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार कार सवारों की तलाश के साथ दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *