Headlines

उदयपुर: मल्लातलाई में दिनदहाड़े चाकूबाजी, तीन बदमाशों ने युवक पर किया जानलेवा हमला

उदयपुर के अंबामाता थाना क्षेत्र स्थित मल्लातलाई की अहमद हुसैन कॉलोनी में बुधवार को दिनदहाड़े चाकूबाजी की सनसनीखेज वारदात सामने आई है. आपसी रंजिश के चलते तीन बदमाशों ने एक युवक पर ताबड़तोड़ हमला कर उसे लहुलुहान कर दिया. इस घटना के बाद पूरी कॉलोनी में दहशत का माहौल व्याप्त हो गया है.

घर के बाहर बैठे युवक पर अचानक हमला

प्राप्त जानकारी के अनुसार, अहमद हुसैन कॉलोनी निवासी मोहम्मद सैफान (पुत्र शकील) बुधवार को अपने घर के बाहर बैठा हुआ था. इसी दौरान तीन युवक वहां पहुंचे और बिना कुछ कहे अचानक चाकू से हमला कर दिया. हमलावरों ने सैफान पर एक के बाद एक कई वार किए, जिसमें उसके पैर की जांघ पर गहरा जख्म हो गया और वह वहीं गिर पड़ा. वारदात को अंजाम देकर तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए.

दो दिन पहले भी की थी हमले की कोशिश

घायल सैफान ने अस्पताल में बताया कि हमलावरों की पहचान मोनू उर्फ लंबी सलवार, अज्जू उर्फ माया और फैजान उर्फ लाल के रूप में हुई है. पीड़ित के अनुसार, ये तीनों आरोपी पिछले कुछ समय से उसे निशाना बनाने की फिराक में थे. दो दिन पहले भी इन्होंने चाकू लेकर उसे धमकाने और हमला करने का प्रयास किया था, लेकिन तब वह किसी तरह बच निकला था. बुधवार को आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से उस पर जानलेवा हमला कर दिया.

पुलिस जांच और सीसीटीवी फुटेज

घटना की सूचना मिलते ही अंबामाता थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घायल सैफान को महाराणा भूपाल (MB) चिकित्सालय पहुंचाया. फिलहाल डॉक्टरों की देखरेख में उसका उपचार जारी है और उसकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है. पुलिस ने पीड़ित के बयानों के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है.

अंबामाता थाना पुलिस आरोपियों की धरपकड़ के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है. इसके साथ ही घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि हमलावरों के भागने के रूट का सुराग लगाया जा सके.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *