उदयपुर जिले के बाघपुरा थाना क्षेत्र के बारी गांव में देर शाम एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है. एक अज्ञात वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उस पर सवार दो मासूम बच्चों समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है.
रिश्तेदारों को छोड़ने जा रहा था परिवार
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अडोल निवासी भगवतीलाल के परिवार में इन दिनों शादी समारोह की खुशियां चल रही थीं. बुधवार शाम भगवतीलाल अपनी बुआ ककुड़ी, उनकी बेटी लीला और ककुड़ी के 5 वर्षीय पोते को बाइक पर बैठाकर उनके गांव ‘पई’ छोड़ने जा रहा था. खुशियों के माहौल के बीच परिवार के लोग घर लौट रहे थे, लेकिन रास्ते में ही काल बनकर आए वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया.
बारी गांव के पास हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जैसे ही बाइक बारी गांव के पास पहुंची, सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक पर सवार चारों लोग सड़क पर दूर जा गिरे. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण इकट्ठा हो गए.
झाड़ोल अस्पताल में कराया गया भर्ती
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए निजी वाहनों की मदद से सभी घायलों को झाड़ोल के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. अस्पताल में डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ ने घायलों का उपचार शुरू किया. गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि घायलों को काफी चोटें आई हैं.
पुलिस कर रही है वाहन की तलाश
घटना की सूचना मिलने पर बाघपुरा थाना पुलिस ने मामले की जानकारी ली. पुलिस अब घटनास्थल के आसपास और हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन का पता लगाया जा सके. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

