Headlines

प्रतापगढ़: माही बैकवॉटर में डूबे युवक का 25 घंटे बाद मिला शव, परिजनों में मचा कोहराम

प्रतापगढ़ जिले के पीपलखूट उपखंड अंतर्गत कुपड़ा गांव में शुक्रवार को माही बैकवॉटर के गहरे पानी में लापता हुए युवक का करीब 25 घंटे बाद शव बरामद कर लिया गया है. प्रशासन और सिविल डिफेंस की टीम ने कड़े संघर्ष के बाद शनिवार को शव को पानी से बाहर निकाला. इस घटना के बाद से ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है.

नाव लेकर निकला था युवक, वापस नहीं लौटा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुपड़ा निवासी सुखराम मीणा शुक्रवार को अपनी नाव लेकर घर से माही बैकवॉटर की ओर निकला था. जब काफी समय बीत जाने के बाद भी वह घर नहीं लौटा, तो परिजनों को चिंता हुई. ग्रामीणों ने अपने स्तर पर तलाश शुरू की, लेकिन पानी गहरा होने के कारण उसका कहीं पता नहीं चल पाया.

25 घंटे चला सर्च ऑपरेशन

मामले की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस और सिविल डिफेंस की टीमें मौके पर पहुंचीं. शुक्रवार शाम से ही रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया था, जो रात के अंधेरे के कारण बाधित हुआ और शनिवार सुबह पुनः युद्धस्तर पर शुरू किया गया. गोताखोरों और सिविल डिफेंस की टीम ने घंटों मशक्कत की. आखिरकार, जहां से युवक लापता हुआ था, वहां से करीब दो किलोमीटर दूर बैकवॉटर के पानी में शव तैरता हुआ दिखाई दिया.

रेस्क्यू टीम ने शव को पानी से बाहर निकालकर पुलिस के सुपुर्द किया. पुलिस ने शव को स्थानीय चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया है, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा. पुलिस ने मर्ग दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *