प्रतापगढ़ जिले के अरनोद उपखंड क्षेत्र के विरावली गांव में गुरुवार को एक बड़ा हादसा टल गया. यहाँ एक किसान के कुएं में गिरी दो भैंसों को नागरिक सुरक्षा (Civil Defense) की टीम ने तत्परता दिखाते हुए सुरक्षित बाहर निकाल लिया. टीम की इस त्वरित कार्रवाई और सेवा भावना की ग्रामीणों ने जमकर सराहना की है.
कलेक्टर कंट्रोल रूम से मिली सूचना
आपदा प्रबंधन एवं नागरिक सुरक्षा के सहायक प्रशासनिक अधिकारी गजेंद्रपाल डूंगरवाल ने बताया कि जिला कलेक्टर कंट्रोल रूम पर विरावली निवासी भागीरथ जी रैदास के कुएं में दो भैंसों के गिरने की सूचना प्राप्त हुई थी. कुआं गहरा होने के कारण ग्रामीण उन्हें बाहर निकालने में असमर्थ थे, जिसके बाद प्रशासन से मदद मांगी गई.
साढ़े 3 घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन
सूचना मिलते ही आपदा प्रबंधन एवं नागरिक सुरक्षा की टीम आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ तत्काल मौके पर पहुंची. नागरिक सुरक्षा के चीफ वार्डन देवीलाल मीणा एवं डिप्टी चीफ वार्डन उमेश कुमार रैदास के निर्देशन में रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया. टीम के स्वयंसेवकों ने कुएं में उतरकर भारी रस्सों और बेल्ट की मदद से भैंसों को बांधा और सुरक्षित तरीके से ऊपर खींचा. टीम की सूझबूझ से दोनों बेजुबानों की जान बचा ली गई.
इन जांबाज स्वयंसेवकों की रही मुख्य भूमिका
इस सफल रेस्क्यू अभियान में ऋतुराज सिंह, मोहनलाल मीणा, वीरेंद्र मेघवाल, जय सिंह रावल, अंबालाल कुमावत के साथ-साथ महिला स्वयंसेवक दीपिका राठौड़ एवं जयश्री डागर ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.
ग्रामीणों ने जताया आभार
जैसे ही दोनों भैंसों को सुरक्षित बाहर निकाला गया, मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली. पशुपालक भागीरथ रैदास और स्थानीय निवासियों ने नागरिक सुरक्षा टीम की तत्परता और जांबाजी के लिए उनका आभार व्यक्त किया.

