Headlines

उदयपुर: जन्मदिन की पार्टी से लौट रहे युवकों पर जानलेवा हमला; कार रुकवाकर सरियों और बेसबॉल के डंडों से पीटा

उदयपुर झीलों की नगरी के सवीना थाना इलाके में बदमाशों के हौसले बुलंद हैं. यहाँ जन्मदिन की पार्टी मनाकर लौट रहे कार सवार युवकों पर कुछ बदमाशों ने बीच सड़क पर जानलेवा हमला कर दिया. बदमाशों ने न केवल कार को ओवरटेक कर रास्ता रोका, बल्कि युवकों को नीचे उतारकर सरियों और बेसबॉल के डंडों से इतनी बेरहमी से पीटा कि एक युवक के सिर में गंभीर चोट आई है, वहीं दूसरे की टांग टूट गई. घटना का रोंगटे खड़े कर देने वाला सीसीटीवी (CCTV) फुटेज भी सामने आया है.

ओवरटेक कर रुकवाई कार, फिर शुरू किया तांडव

जानकारी के अनुसार, पीड़ित निखिल राज सिंह राजावत, शुभम थाडा और अभिषेक राठौड़ अपने परिचितों के साथ जन्मदिन की पार्टी कर कार से लौट रहे थे. इसी दौरान गीतांजलि अस्पताल से प्रतापनगर जाने वाले हाईवे पर बदमाशों ने उनकी कार को ओवरटेक कर अपनी गाड़ी आगे लगा दी. कार रुकते ही बदमाशों ने तीनों युवकों को जबरन नीचे उतारा और हमला बोल दिया.

चीखती रहीं महिलाएं, नहीं पसीजा बदमाशों का दिल

कार में युवकों के साथ दो महिलाएं भी सवार थीं. सीसीटीवी में साफ दिख रहा है कि महिलाएं लगातार बीच-बचाव करती रहीं और बदमाशों के आगे हाथ जोड़ती रहीं, लेकिन हमलावरों ने जरा भी रहम नहीं दिखाया. बदमाशों ने बेसबॉल के डंडे और सरियों से ताबड़तोड़ वार किए. इस हमले में निखिल राज सिंह के सिर में गंभीर चोट आई है, जो वर्तमान में गीतांजलि अस्पताल के आईसीयू (ICU) में जिंदगी की जंग लड़ रहा है. वहीं, शुभम के पैर की हड्डी टूट गई है और अभिषेक को भी शरीर पर कई जगह चोटें आई हैं.

सीसीटीवी में कैद हुई वारदात, पुलिस जांच में जुटी

घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी वारदात कैद हो गई है. फुटेज में हमलावर युवकों के साथ दो युवतियां भी नजर आ रही हैं, जो हमले के दौरान वहीं मौजूद थीं. सवीना थाना पुलिस ने पीड़ित पक्ष की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और कार के नंबरों के आधार पर बदमाशों की शिनाख्त और उनकी धरपकड़ के प्रयास कर रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *