डूंगरपुर जिले के सलूंबर बॉर्डर पर एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद तीनों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान एक युवक ने दम तोड़ दिया. अज्ञात वाहन की तेज रफ्तार ने एक हँसते-खेलते परिवार की खुशियाँ छीन लीं. पुलिस अब टक्कर मारकर भागने वाले वाहन की तलाश में जुटी है.
तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर
जानकारी के अनुसार, सेमारी भौराईघाटा निवासी संदीप अहारी, देवल निवासी गौरव फेरा और भौंराई घाटा निवासी राजू अहारी बुधवार को अपने निजी काम से अलग-अलग बाइकों पर जा रहे थे. सलूंबर बॉर्डर के निकट शक्तावतों का गुड़ा के पास सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइकों को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवक सड़क पर काफी दूर तक घिसटते चले गए और लहूलुहान हो गए.
अस्पताल ले जाते समय रास्ते में तोड़ा दम
हादसे के बाद राहगीरों ने निजी वाहन की मदद से तीनों घायलों को तुरंत डूंगरपुर जिला अस्पताल पहुँचाया. डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद राजू अहरी की हालत चिंताजनक देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर (उदयपुर) रेफर कर दिया. लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था; उदयपुर ले जाते समय रास्ते में ही राजू ने दम तोड़ दिया. बुधवार देर रात करीब 11:30 बजे उसके शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया.
दो घायलों का उपचार जारी
हादसे में घायल संदीप और गौरव का फिलहाल जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है. डॉक्टरों के अनुसार उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर बनी हुई है. घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण अस्पताल पहुंचे.
पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात वाहन की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है।

