Headlines

उदयपुर: शाश्वत धाम जैन मंदिर में चोरी, मानस्तंभ से सोने का छत्र ले उड़े नकाबपोश, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात

उदयपुर-चित्तौड़गढ़ नेशनल हाईवे स्थित डबोक के प्रसिद्ध शाश्वत धाम (सीमंधर स्वामी दिगंबर जैन मंदिर) में चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है. देर रात नकाबपोश बदमाशों ने मंदिर परिसर में घुसकर मानस्तंभ पर स्थापित प्रतिमा से सोने का छत्र चोरी कर लिया. इस घटना के बाद जैन समाज में भारी आक्रोश और असुरक्षा का माहौल व्याप्त है.

सीसीटीवी में कैद हुई बदमाशों की करतूत

मंदिर के ट्रस्टी एवं मंत्री डॉ. जिनेन्द्र शास्त्री ने बताया कि चोरी की यह वारदात 9 मई की देर रात करीब डेढ़ से ढाई बजे के बीच हुई. सीसीटीवी फुटेज में दो नकाबपोश बदमाश मंदिर परिसर में दाखिल होते दिखाई दे रहे हैं. बदमाशों ने पहले मुख्य गेट की सांकल काटी और फिर खिड़की तोड़कर अंदर प्रवेश किया. इसके बाद वे मंदिर परिसर में स्थित मानस्तंभ तक पहुंचे और वहां विराजमान चार प्रतिमाओं में से एक प्रतिमा पर लगा लगभग 30 ग्राम सोने का छत्र उखाड़कर फरार हो गए.

जैन समाज में आक्रोश, सुरक्षा की मांग

घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में समाज के लोग मंदिर पहुंचे. मंदिर प्रबंधक राकेश जैन और ट्रस्टियों ने डबोक थाना पुलिस को सूचित किया. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं और सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में ले लिए हैं. समाज के प्रतिनिधियों का कहना है कि शाश्वत धाम में पहले भी दो बार चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं. बार-बार धार्मिक स्थलों को निशाना बनाए जाने से लोगों में प्रशासन के प्रति नाराजगी है.

पुलिस से जल्द गिरफ्तारी की अपील

मंदिर प्रबंधन ने डबोक थाना पुलिस से मामले में तत्काल एफआईआर दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है. साथ ही, चोरी हुए स्वर्ण छत्र की बरामदगी और हाईवे पर स्थित धार्मिक स्थलों की सुरक्षा के लिए रात्रिकालीन पुलिस गश्त बढ़ाने की भी अपील की गई है. फिलहाल, डबोक थाना पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर नकाबपोश बदमाशों की पहचान करने में जुटी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *