उदयपुर शहर के सवीना क्षेत्र में पिछले लंबे समय से जारी अघोषित बिजली कटौती और खराब रखरखाव से परेशान क्षेत्रवासियों के सब्र का बांध सोमवार रात टूट गया. भीषण गर्मी और उमस के बीच बार-बार गुल हो रही बिजली से आक्रोशित करीब 200 से 300 लोग रात 11 बजे सवीना बिजली विभाग कार्यालय जा पहुंचे और वहां जमकर विरोध प्रदर्शन किया.
भीषण गर्मी में बेहाल जनता, अधिकारी मौन
क्षेत्रवासियों का आरोप है कि सवीना इलाके में दिन-रात बिजली की कटौती की जा रही है. लो वोल्टेज और जर्जर लाइनों के कारण बार-बार ट्रिपिंग की समस्या आ रही है, जिससे इस तपती गर्मी में बुजुर्गों, बच्चों और मरीजों का हाल बेहाल है. प्रदर्शनकारियों ने बताया कि जब वे बिजली कटौती की शिकायत करने के लिए अधिकारियों को फोन करते हैं, तो कोई फोन उठाने तक की जहमत नहीं उठाता. अधिकारियों की इसी बेरुखी ने लोगों के गुस्से में घी डालने का काम किया.
कार्यालय में घुसकर कर्मचारियों को सुनाई खरी-खोटी
प्रदर्शन के दौरान माहौल उस समय और तनावपूर्ण हो गया जब गुस्साए लोग कार्यालय के अंदर घुस गए और वहां मौजूद कर्मचारियों को खरी-खोटी सुनाई. लोगों ने विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. सूचना मिलने पर पुलिस प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंची और आक्रोशित भीड़ को समझाने का प्रयास किया. हालांकि, लोग मौके पर उच्च अधिकारियों को बुलाने और व्यवस्था सुधारने के ठोस आश्वासन पर अड़े रहे.
उग्र आंदोलन की चेतावनी
ग्रामीणों ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि बिजली विभाग केवल बिल वसूलने में तत्पर रहता है, लेकिन सुविधाओं और रखरखाव के नाम पर खानापूर्ति की जा रही है. यदि अगले कुछ दिनों में बिजली आपूर्ति सुनिश्चित नहीं की गई और जर्जर व्यवस्था को दुरुस्त नहीं किया गया, तो सवीना क्षेत्र के लोग सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन करेंगे.

