प्रतापगढ़/पीपलखूंट राष्ट्रीय राजमार्ग 56 पर पीपलखूंट नाल में आज तड़के एक के बाद एक हादसों से हड़कंप मच गया. तकनीकी खराबी के चलते चलती गाड़ी में आग लगने और उसके बाद तीन वाहनों की आपस में हुई भिड़ंत में रोडवेज बस में सवार करीब एक दर्जन यात्री घायल हो गए. हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया, जिसे पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद खुलवाया.
लाइनर खराब होने से ट्रेलर बना आग का गोला
मिली जानकारी के अनुसार, बांसवाड़ा जिले के तलवाड़ा से लाइमस्टोन (पत्थर) भरकर एक ट्रेलर निंबाहेड़ा की ओर जा रहा था. इसी दौरान पीपलखूंट नाल के पास ट्रेलर के लाइनर में अचानक तकनीकी खराबी आ गई और उसमें आग लग गई. देखते ही देखते ट्रेलर बीच सड़क पर धू-धू कर जलने लगा.
पीछे से आ रहे वाहनों में हुई जोरदार भिड़ंत
जलते हुए ट्रेलर को देखकर जयपुर से बांसवाड़ा की ओर जा रही सवारियों से भरी रोडवेज की बस कुछ दूरी पर रुक गई. इसी दौरान पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने रोडवेज बस को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि अनियंत्रित हुआ ट्रेलर आगे खड़े एक खाली टैंकर से जा भिड़ा. गनीमत रही कि टैंकर खाली था, वरना बड़ा विस्फोट हो सकता था.
हादसे में 12 यात्री घायल, दो बांसवाड़ा रेफर
पीपलखूंट एम्बुलेंस के पायलट पुष्कर कुमावत ने बताया कि हादसे में बस में सवार करीब 12 यात्री घायल हुए हैं. सूचना पर पहुंची पुलिस और एम्बुलेंस टीम ने सभी घायलों को तुरंत पीपलखूंट चिकित्सालय पहुंचाया. इनमें से दो यात्रियों की हालत गंभीर होने पर उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बांसवाड़ा रेफर किया गया है. घायलों में नारायण गुर्जर (आसींद), मनीष जांगिड़ (बांसवाड़ा), प्रवीण गुर्जर (आसींद), संजय बुनकर (जयपुर), किशन सोलंकी (अजमेर), करण सिंह (नागौर), नफीस (बांसवाड़ा) और हिमांशी (प्रतापगढ़) शामिल हैं.
पुलिस ने खुलवाया जाम
पीपलखूंट थाने के एएसआई आशीष कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची. दमकल ने कड़ी मशक्कत के बाद ट्रेलर की आग पर काबू पाया. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को क्रेन की मदद से साइड में करवाकर हाईवे पर लगे लंबे जाम को सुचारू करवाया. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.

