Headlines

डूंगरपुर: समझौता वार्ता के दौरान खूनी संघर्ष, युवक पर पत्थरों से जानलेवा हमला, हालत गंभीर

डूंगरपुर जिले के सदर थाना क्षेत्र के तिजवड़ गांव में रविवार को एक आपसी समझौते के दौरान माहौल अचानक गरमा गया. किसी पुराने विवाद को लेकर चल रही बातचीत के बीच दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई, जिसके बाद 6 से 7 लोगों ने मिलकर एक युवक पर पत्थरों से जानलेवा हमला कर दिया. इस हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे लहूलुहान हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

बातचीत के दौरान अचानक भड़का विवाद

मिली जानकारी के अनुसार, देवसोमनाथ निवासी सुरेश अहारी एक मामले में आपसी रजामंदी और समझौते के लिए तिजवड़ गांव गया हुआ था. वहाँ दोनों पक्षों के लोग बैठकर शांतिपूर्वक बातचीत कर रहे थे. इसी दौरान किसी बात को लेकर बहस शुरू हो गई और देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि वहां मौजूद 6 से 7 लोग तैश में आ गए.

बरसाए पत्थर, मौके पर मची अफरा-तफरी

आरोपियों ने बिना कुछ सोचे-समझे सुरेश अहारी पर हमला बोल दिया और उस पर ताबड़तोड़ पत्थर बरसाने शुरू कर दिए. पत्थरों के इस अचानक और भीषण हमले में सुरेश के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं जमीन पर गिर पड़ा. वारदात के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया. वहां मौजूद अन्य ग्रामीणों और समझदार लोगों ने तुरंत बीच-बचाव कर सुरेश को हमलावरों से बचाया.

अस्पताल में इलाज जारी, पुलिस जांच में जुटी

घायल सुरेश को तुरंत एक निजी वाहन की मदद से डूंगरपुर जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां फिलहाल डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज चल रहा है. घटना की सूचना मिलते ही हॉस्पिटल चौकी प्रभारी नारायणलाल तुरंत अस्पताल पहुंचे. उन्होंने घायल का मेडिकल स्टेटस जाना और परिजनों सहित प्रत्यक्षदर्शियों से घटनाक्रम की पूरी जानकारी ली. सदर थाना पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है और हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *