उदयपुर: लगातार बढ़ते पेट्रोल-डीजल के दामों और वायु प्रदूषण के बीच देश में इलेक्ट्रिक वाहनों (EV) का क्रेज तेजी से बढ़ा है. हालांकि, ईवी मालिकों के सामने आज भी सबसे बड़ी चुनौती चार्जिंग स्टेशनों की कमी और प्लग लगाने का झंझट है. अब उदयपुर के होनहार छात्रों ने एक ऐसा अनोखा इनोवेशन किया है, जो इस समस्या को हमेशा के लिए खत्म कर सकता है. महाराणा प्रताप कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (MPUAT) के छात्रों ने एक आधुनिक ‘वायरलेस ईवी चार्जिंग सिस्टम’ तैयार किया है.
बिना प्लग के अपने आप चार्ज होगी गाड़ी
छात्रों द्वारा विकसित इस प्रोजेक्ट का नाम “Solar Assist Smart EV Charging System With Wireless Charging” रखा गया है. इस तकनीक की सबसे बड़ी खासियत यह है कि वाहन को चार्ज करने के लिए किसी भी तरह के प्लग या मैन्युअल केबल कनेक्शन की जरूरत नहीं होगी. जैसे ही कोई इलेक्ट्रिक वाहन इस विशेष रूप से तैयार किए गए पार्किंग या चार्जिंग ज़ोन में आकर खड़ा होगा, सिस्टम अपने आप एक्टिव हो जाएगा और गाड़ी चार्ज होना शुरू हो जाएगी.
सौर ऊर्जा से चलेगा पूरा सिस्टम
इस प्रोजेक्ट को MPUAT के छात्र सिद्धार्थ शर्मा, सुनील मीणा और आयुष जावर ने मिलकर तैयार किया है. छात्रों ने बताया कि इस सिस्टम को पूरी तरह ऑटोमैटिक तकनीक पर आधारित बनाया गया है. इसमें वायरलेस चार्जिंग पैड के साथ-साथ सोलर पैनल का भी इस्तेमाल किया गया है. सोलर पैनल दिनभर सूरज की रोशनी से बिजली बनाकर ग्रिड को देंगे, जिससे वाहनों को चार्ज करने के लिए बाहरी बिजली पर निर्भरता बेहद कम हो जाएगी.
समय और बिजली दोनों की होगी बचत
इस तकनीक के आने से न सिर्फ ईवी यूज़र्स का समय और मेहनत बचेगी, बल्कि पर्यावरण के अनुकूल सौर ऊर्जा का उपयोग होने से बिजली की खपत में भी भारी कमी आएगी. छात्रों का मानना है कि आने वाले समय में मॉल्स, ऑफिस और पब्लिक पार्किंग में इस तकनीक का इस्तेमाल गेम-चेंजर साबित हो सकता है.

