डूंगरपुर दिल्ली-मुंबई नेशनल हाईवे 48 पर रविवार अलसुबह एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया है. बिछीवाड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली खतरनाक लेहणा घाटी में तड़के करीब 3 बजे एक तेज रफ्तार टैंकर अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया. इस भीषण हादसे में टैंकर का चालक केबिन के भीतर ही बुरी तरह फंस गया और गंभीर रूप से घायल हो गया.
लेहणा घाटी में अनियंत्रित हुआ टैंकर
प्राप्त जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के हाथरस निवासी नवीन कुमार (पुत्र राकेश कुमार गड़रिया) दिल्ली से टैंकर लेकर गुजरात के वडोदरा की ओर जा रहा था. रविवार सुबह तड़के 3 बजे जैसे ही उसका टैंकर बिछीवाड़ा के समीप लेहणा घाटी के ढलान पर पहुंचा, अचानक संतुलन बिगड़ने से टैंकर बीच सड़क पर पलट गया. हादसा इतना जबरदस्त था कि टैंकर का केबिन पिचक गया और चालक नवीन अंदर ही फंसकर तड़पने लगा.
पुलिस ने रेस्क्यू कर निकाला बाहर
हादसे की सूचना मिलते ही बिछीवाड़ा थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची पुलिसकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद केबिन में फंसे लहूलुहान चालक को सुरक्षित बाहर निकाला. इसके बाद मौके पर बुलाई गई एम्बुलेंस की मदद से घायल चालक को तुरंत बिछीवाड़ा राजकीय अस्पताल पहुंचाया गया.
अस्पताल में डॉक्टरों ने चालक का प्राथमिक उपचार किया, लेकिन हालत नाजुक होने के कारण उसे तुरंत डूंगरपुर जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया. डूंगरपुर में भी चालक की गंभीर स्थिति और अंदरूनी चोटों को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए उदयपुर हायर सेंटर रेफर कर दिया है, जहां फिलहाल उसका उपचार जारी है. हादसे के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित हुआ, जिसे पुलिस ने क्रेन की मदद से टैंकर को एक तरफ करवाकर सुचारू करवाया.

