उदयपुर गोगुंदा हाईवे पर कीर्ति राज होटल के समीप मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसा सामने आया, जहां बायोडीजल से भरा एक टैंकर अनियंत्रित होकर चट्टान से टकराने के बाद पलट गया. हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई. एक तरफ जहां टैंकर का चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया, वहीं दूसरी तरफ हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण तेल लूटने के लिए बर्तनों के साथ मौके पर पहुंच गए.
चट्टान से टकराकर पलटा टैंकर, केबिन में फंसा चालक
जानकारी के अनुसार, टैंकर गुजरात के कांडला से बायोडीजल लेकर उदयपुर की ओर जा रहा था. इसी दौरान गोगुंदा हाईवे पर स्थित एक विकट मोड़ पर अचानक ब्रेक लगाने के कारण टैंकर असंतुलित हो गया और सड़क किनारे एक चट्टान से जा टकराया. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टैंकर पलट गया और उसका अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे चालक केबिन के भीतर ही फंस गया.
पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से किया रेस्क्यू
घटना की सूचना मिलते ही गोगुंदा थाना पुलिस और हाईवे पेट्रोलिंग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची. पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से काफी मशक्कत के बाद केबिन में फंसे घायल चालक को सुरक्षित बाहर निकाला. इसके बाद उसे एंबुलेंस की मदद से तुरंत गोगुंदा अस्पताल पहुंचाया गया, जहां फिलहाल उसका उपचार जारी है.
डिब्बे और गैलन लेकर बायोडीजल भरने दौड़े ग्रामीण

हादसे के बाद टैंकर से बायोडीजल रिसकर सड़क और उसके किनारे बहने लगा. यह देखते ही आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग घरों से मटके, ड्रम, प्लास्टिक की कैन और गैलन लेकर मौके पर पहुंच गए. हाईवे किनारे तेल भरने वालों की भारी भीड़ जमा हो गई. इस दौरान सुरक्षा की परवाह किए बिना लोग तेल बटोरने में जुटे रहे. मौके पर पहुंची पुलिस को भीड़ को हटाने और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी. फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

