Headlines

बांसवाड़ा में दर्दनाक हादसा: आबापुरा में नाले में डूबने से दो मासूम बच्चियों की मौत, गांव में पसरा मातम

बांसवाड़ा जिले के आबापुरा थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है, जहां नादिया गांव के उमरी नाला डाबरा में नहाने गई दो मासूम बच्चियों की पानी में डूबने से मौत हो गई. इस हृदयविदारक हादसे के बाद से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है.

दोपहर में गई थीं नहाने, शाम को शुरू हुई तलाश

घटना मंगलवार दोपहर की है. पाड़ला चौकी प्रभारी एएसआई रवि थापा के अनुसार, नादिया गांव के एक ही मोहल्ले में रहने वाली दो बच्चियां—भूली (9 वर्ष) पुत्री दिलीप निनामा और रोनिका (8 वर्ष) पुत्री रामप्रसाद निनामा—दोपहर करीब 1 बजे अपने घर से डेढ़ किलोमीटर दूर उमरी नाला डाबरा में नहाने गई थीं.

जब शाम 6 बजे तक दोनों मासूम घर नहीं लौटीं, तो परिजनों को चिंता हुई. काफी खोजबीन के बाद भी जब उनका कोई सुराग नहीं लगा, तो नाले में डूबने की आशंका गहरा गई. इसके बाद परिजनों ने रात करीब 9:30 बजे आबापुरा थाना पुलिस को सूचना दी.

अंधेरे में 4 घंटे चला रेस्क्यू, रात 1 बजे मिले शव

सूचना मिलते ही पुलिस जाब्ता मौके पर पहुंचा और ग्रामीणों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया. रात का घाना अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू टीम को पानी में बच्चियों को ढूंढने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा. आखिरकार, पुलिस और ग्रामीणों की कड़ी मशक्कत के बाद रात करीब 1 बजे दोनों बच्चियों के शवों को गहरे पानी से बाहर निकाला गया.

पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे

मृतक बच्चियों में से भूली 5वीं कक्षा की और रोनिका 4थी कक्षा की छात्रा थी. बुधवार दोपहर करीब 12 बजे पुलिस ने महात्मा गांधी (एमजी) अस्पताल की मोर्चरी में दोनों बच्चियों के शवों का पोस्टमार्टम करवाकर उन्हें परिजनों के सुपुर्द कर दिया. आबापुरा थाना पुलिस ने मर्ग दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *