Headlines

उदयपुर: सुखाड़िया सर्कल पर पेड़ से टकराई तेज रफ्तार क्रेटा कार, दो युवक गंभीर रूप से घायल

उदयपुर शहर के अंबामाता थाना क्षेत्र के सुखाड़िया सर्कल चौराहे पर मंगलवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा सामने आया. यहां एक तेज रफ्तार क्रेटा कार अनियंत्रित होकर लोहे की रेलिंग तोड़ते हुए सीधे एक पेड़ से जा टकराई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार दो युवक अचेत अवस्था में अंदर ही फंस गए. सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया.

अनियंत्रित होकर चौराहे पर चढ़ी कार, पेड़ में घुसा बोनट

मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार देर रात एक काले रंग की क्रेटा कार फतहपुरा की तरफ से सुखाड़िया सर्कल की ओर आ रही थी. कार की रफ्तार काफी तेज थी, जिसके कारण चालक मोड़ पर वाहन से संतुलन खो बैठा. अनियंत्रित कार सीधे सुखाड़िया सर्कल चौराहे पर चढ़ गई. कार ने पहले वहां लगी लोहे की रेलिंग को कटर की तरह काटा और फिर एक पेड़ से जा भिड़ी. हादसा इतना जबरदस्त था कि कार का बोनट करीब एक फीट तक पेड़ के तने में धंस गया और गाड़ी के परखच्चे उड़ गए.

पुलिस ने मशक्कत के बाद निकाला बाहर, एमबी अस्पताल में भर्ती

फतहपुरा चौकी के हेड कांस्टेबल बजरंग ने बताया कि हादसे के बाद राहगीरों ने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने देखा कि कार के भीतर दो युवक लहूलुहान और बेहोश पड़े थे. पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद दोनों युवकों को क्षतिग्रस्त कार से बाहर निकाला और तुरंत महाराणा भूपाल (एमबी) राजकीय अस्पताल पहुंचाया, जहां दोनों का उपचार जारी है.

घायलों की हुई पहचान, जांच में जुटी पुलिस

अस्पताल में भर्ती घायलों की पहचान खारोल कॉलोनी निवासी कुनाल पुत्र राजेश हरिजन और विजय हरिजन के रूप में हुई है. हादसे में दोनों युवकों के हाथ और पैरों में गंभीर फ्रैक्चर आए हैं. पुलिस ने घटना की जानकारी घायलों के परिजनों को दे दी है. प्राथमिक दृष्टि में दुर्घटना का मुख्य कारण तेज रफ्तार को माना जा रहा है. अंबामाता थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *