Headlines

उदयपुर: गोगुंदा-पिंडवाड़ा हाईवे पर जलती बोलेरो में मिला कंकाल, चालक सहित अन्य फरार

उदयपुर गोगुंदा-पिंडवाड़ा नेशनल हाईवे पर एक रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है, जिसने पुलिस और स्थानीय प्रशासन को चक्रव्यूह में डाल दिया है। हाईवे पर एक चलती बोलेरो गाड़ी में अचानक भीषण आग लग गई. हादसे की सूचना मिलते ही बेकरिया थाना अधिकारी श्याम सिंह चारण तुरंत पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे. लेकिन आग बुझने के बाद जो मंजर सामने आया, उसे देखकर पुलिस के भी होश उड़ गए.

आग बुझते ही हक्की-बक्की रह गई पुलिस

शुरुआती तौर पर इसे एक सामान्य हादसा माना जा रहा था, लेकिन दमकल की मदद से जब गाड़ी की आग पर पूरी तरह काबू पाया गया, तो जांच के दौरान लावारिस गाड़ी के अंदर एक बुरी तरह से जला हुआ मानव कंकाल मिला. जलती गाड़ी में कंकाल मिलने की खबर से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. कंकाल इस कदर जल चुका है कि मृतक महिला है या पुरुष, फिलहाल इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है.

चालक और अन्य लोग मौके से फरार, FSL टीम बुलाई

थाना अधिकारी श्याम सिंह चारण ने बताया कि प्राथमिक जांच में सामने आया है कि गाड़ी गोगुंदा से उदयपुर की ओर जा रही थी। चौंकाने वाली बात यह है कि गाड़ी में आग लगने के बाद चालक और उसमें सवार अन्य लोग मौके से फरार हो गए. उन्होंने न तो पुलिस को सूचना दी और न ही अंदर फंसे शख्स को बचाने का प्रयास किया, जिससे मामला बेहद संदिग्ध हो गया है.

पुलिस ने कंकाल को अपने कब्जे में ले लिया है. मामले की गंभीरता और बारीकी से सबूत जुटाने के लिए उदयपुर से FSL (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) की टीम को मौके पर बुलाया गया है.

हत्या या दुर्घटना? पुलिस कर रही है गहन जांच

यह महज एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना है या इसके पीछे किसी बड़ी और खौफनाक साजिश (हत्या) को अंजाम दिया गया है, पुलिस अब इन दोनों एंगल से गहनता से जांच कर रही है. फरार चालक और गाड़ी के मालिक का पता लगाने के लिए पुलिस ने नाकाबंदी कर तलाश शुरू कर दी है. FSL की रिपोर्ट और गाड़ी के चेसिस नंबर के आधार पर ही इस रहस्यमयी मौत का पर्दाफाश हो सकेगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *