Headlines

बांसवाड़ा: ‘ऑपरेशन त्रिनेत्र-2’ के तहत 353 ठिकानों पर छापा, 130 अपराधी गिरफ्तार; 6690 लीटर महुआ वॉश नष्ट

बांसवाड़ा जिले में अपराधियों और अवैध धंधेबाजों के खिलाफ बांसवाड़ा पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है. रविवार को एसपी सुधीर जोशी के निर्देशन में चलाए गए विशेष अभियान ‘ऑपरेशन त्रिनेत्र-2’ के तहत पुलिस ने चौतरफा धावा बोलकर अपराधियों में हड़कंप मचा दिया. इस एक दिवसीय ‘एरिया डॉमिनेशन’ अभियान के दौरान 55 विशेष टीमों के 257 पुलिसकर्मियों ने जिले के 353 चिन्हित ठिकानों पर एक साथ दबिश देकर कुल 130 आरोपियों को सलाखों के पीछे धकेल दिया.

उदयपुर रेंज आईजी के निर्देश पर चौतरफा प्रहार

उदयपुर रेंज आईजी गौरव श्रीवास्तव के निर्देशों पर जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी, बिक्री और वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए यह विशेष चक्रव्यूह रचा गया था. इस पूरी कार्रवाई की कमान एसपी सुधीर जोशी, एएसपी नरपत सिंह और सभी डीएसपी के सुपरविजन में थानाधिकारियों ने संभाली.

अवैध शराब पर बड़ा प्रहार: 42 भट्टियां तोड़ीं

पुलिस ने इस अभियान में सबसे बड़ा प्रहार अवैध हथकड़ शराब माफियाओं पर किया:

  • आबकारी अधिनियम के तहत 39 मामले दर्ज कर 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया.
  • उनके कब्जे से 351 लीटर अवैध हथकड़ शराब बरामद की गई.
  • पुलिस टीमों ने जंगलों और संदिग्ध ठिकानों पर चल रही 42 अवैध भट्टियों को नष्ट किया.
  • मौके पर ही करीब 6690 लीटर महुआ वॉश (देसी शराब बनाने की सामग्री) को बहाकर नष्ट कर दिया गया.
  • इसके अलावा सदर थाना पुलिस ने आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को तलवार के साथ गिरफ्तार किया.

पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे 9 स्थाई वारंटियों, चेक बाउंस के 8 आरोपियों और 14 अन्य गिरफ्तारी वारंटियों को दबोचा. साथ ही, शांति व्यवस्था भंग करने की आशंका में 85 लोगों को निरोधात्मक कार्रवाई के तहत गिरफ्तार किया गया.

हिस्ट्रीशीटरों की चेकिंग और अपराधियों से पूछताछ

अभियान के दौरान पुलिस ने जिले के 44 हिस्ट्रीशीटरों के घरों पर औचक चेकिंग की. वहीं, लूट, डकैती, नकबजनी और चोरी के मामलों में पूर्व में शामिल रहे 55 अपराधियों को हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ की जा रही है, जिससे कई पुरानी वारदातों का खुलासा होने की संभावना है. एसपी सुधीर जोशी ने साफ चेतावनी दी है कि जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपराधियों के खिलाफ यह सख्त अभियान आगे भी जारी रहेगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *