बांसवाड़ा दानपुर थाना क्षेत्र के कुंडल गांव में रविवार दोपहर को एक ऐसा खौफनाक मामला सामने आया है, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है. घर के अंदर झूले में सो रहे मात्र 6 महीने के एक मासूम बच्चे पर जंगली सियार ने जानलेवा हमला कर दिया. सियार ने मासूम के पूरे चेहरे को बुरी तरह से चबा और नोच डाला. बच्चे की चीख सुनकर दौड़े पड़ोसियों ने हिम्मत दिखाते हुए सियार को मौके पर ही ढेर कर दिया, जिससे बच्चे की जान बच सकी.
मां नहाने गई थी, सियार ने किया हमला
अस्पताल में मौजूद बच्चे के पिता राजू और परिजनों ने बताया कि 6 महीने का मासूम रितेश घर के अंदर बने झूले में शांति से सो रहा था. उसकी मां उसे सोता हुआ छोड़कर पास ही नहाने के लिए गई थी. इसी दौरान घर सूना पाकर एक जंगली सियार अंदर घुस आया. सियार ने झूले में अकेले सो रहे रितेश पर हमला कर दिया और उसके चेहरे को बेरहमी से नोचने लगा.
चीख सुनकर दौड़े पड़ोसी, सियार को मार गिराया
सियार के हमले से मासूम जोर-जोर से चीखने-चिल्लाने लगा. बच्चे के रोने की आवाज सुनकर आस-पास के ग्रामीण और पड़ोसी तुरंत घर की तरफ भागे. अंदर का नजारा देख ग्रामीणों के होश उड़ गए. ग्रामीणों को देखकर सियार ने भागने की कोशिश की, लेकिन आक्रोशित ग्रामीणों ने उसे चारों तरफ से घेर लिया और लाठी-डंडों से पीट-पीटकर मौके पर ही मार गिराया.
चेहरे पर आए 20 टांके
लहूलुहान हालत में परिजन मासूम रितेश को तुरंत छोटी सरवन अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल (महात्मा गांधी अस्पताल) रेफर कर दिया गया.
सियार के दांत और नाखून लगने से मासूम के चेहरे पर गहरे जख्म हो गए थे, जिन्हें ठीक करने के लिए डॉक्टरों को करीब 20 टांके लगाने पड़े हैं. फिलहाल बच्चे को सर्जिकल वार्ड में भर्ती किया गया है, जहाँ डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत अब स्थिर बनी हुई है.

