Headlines

उदयपुर: फतेहसागर झील में पर्यटक का मोबाइल निकालने कूदा बोट ऑपरेटर, डूबने से मौत

उदयपुर. झीलों की नगरी उदयपुर की मशहूर फतेहसागर झील से आज रविवार शाम को एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाला मामला सामने आया है. झील में सैर कर रहे एक पर्यटक का मोबाइल पानी में गिर गया, जिसे निकालने के लिए झील में कूदा एक बोट ऑपरेटर वापस बाहर नहीं आ सका. पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई. इस हादसे के बाद झील किनारे पर्यटकों और स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया.

पर्यटक का मोबाइल निकालने के चक्कर में गया जीवन

जानकारी के अनुसार, हादसा आज रविवार शाम करीब 5:30 बजे हुआ. फतेहसागर झील में उज्जैन बोटिंग के एक बोट ऑपरेटर के सामने किसी पर्यटक का कीमती मोबाइल फोन अचानक पानी में गिर गया. पर्यटक की मदद करने और मोबाइल को बाहर निकालने के इरादे से बोट ऑपरेटर ने बिना सोचे-समझे झील में छलांग लगा दी. लेकिन पानी की गहराई और अंदरूनी बहाव के चलते वह दोबारा सतह पर बाहर नहीं आ पाया और गहरे पानी में समा गया.

नागरिक सुरक्षा विभाग ने 15 मिनट में निकाला शव

घटना की सूचना तुरंत प्रशासन को दी गई. मामले की गंभीरता को देखते हुए राजस्थान नागरिक सुरक्षा विभाग (सिविल डिफेंस), उदयपुर के उप नियंत्रक श्रीमान दीपेंद्र सिंह राठौर ने बिना वक्त गंवाए तत्काल रेस्क्यू टीम को मौके के लिए रवाना किया. सिविल डिफेंस की एक्सपर्ट टीम तुरंत फतेहसागर जेटी पहुंची.

जांबाज गोताखोरों ने पानी में उतरकर करीब 15 मिनट तक कड़ी मशक्कत की और आखिरकार बोट ऑपरेटर के शव को जेटी के ठीक नीचे से ढूंढ निकाला।.शव को बाहर निकालते ही वहां मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं.

अंबामाता थाना पुलिस को सुपुर्द किया शव

रेस्क्यू टीम ने कानूनी कार्रवाई के लिए शव को तुरंत स्थानीय अंबामाता थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया है. पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवाया है और परिजनों को सूचित कर मामले की जांच शुरू कर दी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *