Headlines

उदयपुर: प्रताप नगर के ढिकली गांव में मिला रसेल वाइपर सांपों का कुनबा, एक साथ 23 सांपों का सफल रेस्क्यू

उदयपुर प्रताप नगर के ढिकली गांव में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक घर के ट्यूबवेल चेंबर में एक-दो नहीं, बल्कि पूरे 23 जहरीले सांपों का कुनबा मिला. वाइल्ड एनिमल रेस्क्यू सेंटर की टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर बेहद सूझबूझ के साथ सभी सांपों का सुरक्षित रेस्क्यू किया और ग्रामीणों को बड़ी राहत दी.

ट्यूबवेल चेंबर में मिला पूरा कुनबा

जानकारी के अनुसार, ढिकली गांव के एक मकान में सांप होने की सूचना वाइल्ड एनिमल रेस्क्यू सेंटर के संभागीय अध्यक्ष और वर्ल्ड रिकॉर्ड होल्डर डॉ. चमन सिंह चौहान को मिली थी. सूचना मिलते ही डॉ. चमन सिंह और उनके सहयोगी लक्ष्मी लाल गमेती तुरंत मौके पर पहुंचे.

जब टीम ने कमरे के पीछे बने ट्यूबवेल के चेंबर में जांच की, तो पहले वहां एक सांप दिखाई दिया. लेकिन जैसे ही रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया, तो टीम के होश उड़ गए. उस चेंबर के भीतर सांपों का पूरा कुनबा मौजूद था. रेस्क्यू टीम ने सावधानीपूर्वक एक-एक कर सभी सांपों को बाहर निकालना शुरू किया. गिनती करने पर वहां से कुल 22 सांप के बच्चे और एक उनकी मां (कुल 23 सांप) बरामद हुए.

जून-जुलाई में सीधे बच्चे देता है रसेल वाइपर

डॉ. चमन सिंह चौहान ने बताया कि रेस्क्यू किए गए ये सभी सांप अत्यधिक जहरीली प्रजाति ‘रसेल वाइपर’ (Russell’s Viper) के हैं. उन्होंने इस प्रजाति की खासियत बताते हुए कहा:

“रसेल वाइपर सांप अन्य सामान्य सांपों की तरह अंडे नहीं देता, बल्कि यह सीधे बच्चों को जन्म देता है. इस प्रजाति का मीटिंग पीरियड (संसर्ग काल) नवंबर महीने में होता है, जिसके बाद मादा वाइपर जून या जुलाई के पहले सप्ताह के आसपास बच्चों को जन्म देती है.”

चेंबर में अनुकूल माहौल मिलने के कारण मादा सांप ने वहां बच्चों को जन्म दिया था. रेस्क्यू के बाद सभी सांपों को सुरक्षित वन क्षेत्र में छोड़ दिया जाएगा.

वन्यजीव दिखने पर यहां करें संपर्क

वाइल्ड एनिमल रेस्क्यू सेंटर ने आम जनता से अपील की है कि यदि आपके घर या आस-पास कोई भी वन्यजीव या सांप दिखाई दे, तो उसे खुद पकड़ने या मारने की कोशिश बिल्कुल न करें. यह जानलेवा हो सकता है. ऐसी स्थिति में तुरंत वन विभाग या वाइल्ड एनिमल रेस्क्यू सेंटर को सूचित करें.

आपातकालीन संपर्क नंबर: 9828058158, 7737470311

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *