Headlines

प्रतापगढ़: NH-56 पर ट्रेलर से टकराई क्रूजर, महिला सहित दो की मौत, पांच घायल

प्रतापगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग 56 पर लांबा डाबरा गांव के निकट देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बोहरा समुदाय के दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. गलियाकोट से जियारत कर वापस प्रतापगढ़ लौट रहे श्रद्धालुओं की क्रूजर कार सड़क किनारे खड़े पत्थरों से भरे एक ट्रेलर में पीछे से जा घुसी. भिड़ंत इतनी जोरदार थी कि क्रूजर के परखच्चे उड़ गए.

जियारत कर लौट रहा था परिवार

पीपलखूंट पुलिस उप अधीक्षक सुनील जाखड़ ने बताया कि प्रतापगढ़ निवासी सादिक बोहरा और उनके रिश्तेदार एक क्रूजर वाहन से जियारत करने के लिए गलियाकोट गए थे. वाहन में महिलाओं सहित कुल 11 लोग सवार थे. मंगलवार रात करीब 11 बजे लौटते समय लांबा डाबरा के पास यह भीषण हादसा हो गया। टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. सूचना मिलते ही पीपलखूंट थाना अधिकारी छबिलाल पुलिस जाब्ते के साथ पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर 108 एंबुलेंस से जिला चिकित्सालय पहुंचाया. हादसे के कारण हाईवे पर लंबा जाम लग गया, जिसे पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद खुलवाया.

खुशियां मातम में बदलीं: दो दिन पहले हुई थी सगाई

इस दर्दनाक हादसे में प्रतापगढ़ निवासी सादिक बोहरा की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं, गंभीर रूप से घायल सायरा बोहरा ने जिला चिकित्सालय में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया. हृदयविदारक बात यह है कि सायरा की महज दो दिन पहले ही सगाई हुई थी, जिससे परिवार की खुशियां पल भर में मातम में बदल गईं. हादसे की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में बोहरा समुदाय के लोग और घायलों के परिचित अस्पताल पहुंचे.

घायलों का उपचार जारी, एक उदयपुर रेफर

हादसे में चार महिलाओं सहित चालक अजय सिंह गंभीर रूप से जख्मी हो गए. घायलों में प्रतापगढ़ निवासी जायरा बोहरा (55), सकीना बोहरा (20), अलजीया बोहरा (20) और कुलसुम बोहरा (70) शामिल हैं. घायल जायरा बोहरा की हालत बेहद नाजुक होने के कारण उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उदयपुर रेफर किया गया है, जबकि अन्य का जिला अस्पताल में उपचार जारी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *