डूंगरपुर जिले के बिछीवाड़ा थाना क्षेत्र के साबली गांव में रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहाँ जमीन के आपसी बंटवारे के विवाद को लेकर एक कलयुगी पिता ने अपने ही बेटे और उसके दोस्तों पर साथियों के साथ मिलकर जानलेवा हमला कर दिया. इस सुनियोजित हमले में बेटा और उसका एक दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
रास्ते में रोककर किया ताबड़तोड़ हमला
बिछीवाड़ा थाना पुलिस के अनुसार, साबली निवासी पीड़ित विपिन वरहात ने इस संबंध में मामला दर्ज कराया है. रिपोर्ट के मुताबिक, विपिन अपने दोस्त लोकेश और रौनक के साथ घर का कुछ सामान लेने बाजार गया था. लौटते समय रास्ते में गाड़ी का पेट्रोल खत्म हो गया, जिसके कारण वे गाड़ी सड़क किनारे खड़ी कर पैदल ही तेल लेने जा रहे थे.
इसी दौरान आरोपी सुरेश मनात अपनी अर्टिका कार लेकर वहाँ पहुंचा. कार में विपिन के पिता और साबली पंचायत के प्रशासक लीलाराम वरहात, पूनम मनात और प्रियंका मनात भी सवार थे. आरोपियों ने आते ही अपनी कार विपिन की गाड़ी के आगे अड़ा दी और विपिन को दबोच लिया.
तलवार और लोहे की रॉड से वार
वारदात के दौरान आरोपी सुरेश मनात ने विपिन पर सीधे तलवार से हमला कर दिया. जब विपिन को बचाने उसका दोस्त लोकेश आगे आया, तो आरोपियों ने उसके सिर पर लोहे की भारी रॉड से जोरदार वार कर दिया. हमले में विपिन और लोकेश लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े.
पहली पत्नी का बेटा है पीड़ित, लंबे समय से था विवाद
घायलों का फिलहाल जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है. पीड़ित विपिन वरहात ने पुलिस को बताया कि आरोपी लीलाराम वरहात उसके सगे पिता हैं और वह उनकी पहली पत्नी का बेटा है. पिता और बेटे के बीच लंबे समय से पैतृक जमीन के बंटवारे को लेकर कोर्ट-कचहरी और आपसी विवाद चल रहा है. विपिन का आरोप है कि इसी रंजिश के चलते उसके पिता ने अन्य आरोपियों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया है. बिछीवाड़ा पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है.

