बांसवाड़ा जिले के वीरपुर गांव के पास गुरुवार शाम को एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है. यहाँ एक ही परिवार के चार लोग उस समय गंभीर दुर्घटना का शिकार हो गए, जब चलती बाइक पर चालक को अचानक नींद की झपकी आ गई. रफ्तार तेज होने के कारण बाइक अनियंत्रित होकर सीधे सड़क किनारे नदी में जा गिरी. इस हादसे में 8 महीने की एक गर्भवती महिला और दो मासूम बच्चों सहित चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं.
रिश्तेदारी से लौट रहा था परिवार, रास्ते में आई झपकी
जानकारी के अनुसार, छापरिया निवासी हुकमचंद अपने बेटे लोकेश, राहुल और अपनी भतीजी शिल्पा पत्नी जगदीश को बाइक पर बैठाकर वीरपुर से वापस अपने घर लौट रहे थे. गुरुवार शाम करीब 6 बजे जैसे ही उनकी बाइक वीरपुर गांव के पास पहुंची, अचानक हुकमचंद को गाड़ी चलाते समय नींद का झोंका आ गया. पलक झपकते ही तेज रफ्तार बाइक पर से उनका नियंत्रण खो गया और बाइक सीधे गहरी नदी में जा कूदी.
चीख-पुकार सुन दौड़े ग्रामीण, एम्बुलेंस से पहुँचाया अस्पताल
बाइक के नदी में गिरते ही पानी के बीच चीख-पुकार मच गई. आवाज सुनकर आस-पास के ग्रामीण और राहगीर तुरंत मौके पर दौड़े. ग्रामीणों ने बिना वक्त गंवाए नदी में उतरकर चारों घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला और तुरंत एम्बुलेंस को सूचना दी.
नाजुक हालत के कारण निजी अस्पताल रेफर
सूचना पर पहुंची एम्बुलेंस की मदद से सभी घायलों को तत्काल जिला मुख्यालय के महात्मा गांधी (एमजी) अस्पताल पहुँचाया गया. घायल शिल्पा ने बताया कि वह 8 माह की गर्भवती है। हादसे में हुकमचंद, दोनों बच्चों और गर्भवती शिल्पा को शरीर व सिर पर गंभीर चोटें आई हैं. एमजी अस्पताल में तैनात चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार करने के बाद, घायलों की बेहद गंभीर हालत और संवेदनशीलता को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए निजी अस्पताल रेफर कर दिया है.

