राजस्थान के बांसवाड़ा जिले के सदर थाना क्षेत्र के तलवाड़ा गांव से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाला हादसा सामने आया है. यहाँ गुरुवार सुबह घर में चल रहे कूलर को बंद करने के दौरान एक व्यक्ति बिजली के तेज करंट की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौत हो गई. इस घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है और पूरे गांव में शोक की लहर है.
बोर्ड से पिन निकालते ही हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, तलवाड़ा निवासी शंकर (48 वर्ष) पुत्र गोकुल डामोर सुबह करीब 8 बजे अपने घर में चल रहे कूलर को बंद करने गया था. जैसे ही उसने इलेक्ट्रिक बोर्ड से कूलर के प्लग (पिन) को बाहर निकालने का प्रयास किया, अचानक उसमें करंट उतर आया. करंट इतना जोरदार था कि शंकर को संभलने का मौका तक नहीं मिला. वह बुरी तरह झुलसकर अचेत होकर वहीं जमीन पर गिर पड़ा.
अस्पताल ले जाते समय रास्ते में तोड़ा दम
घर में चीख-पुकार सुनकर परिजन और आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे. झुलसी हुई हालत में शंकर को आनंद-फानन में स्थानीय तलवाड़ा अस्पताल ले जाया गया. जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद भी हालत में सुधार नहीं होने पर डॉक्टरों ने उसे जिला मुख्यालय के महात्मा गांधी अस्पताल (MGH) के लिए रेफर कर दिया. हालांकि, एमजीएच पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.
पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा
घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस महात्मा गांधी अस्पताल पहुंची और शव को मोर्चरी में रखवाया. पुलिस ने परिजनों द्वारा दी गई रिपोर्ट के आधार पर मर्ग दर्ज कर लिया है. गुरुवार दोपहर को कानूनी कार्रवाई और शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद, शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया ह.
नोट: गर्मी के मौसम में कूलर या किसी भी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण को छूने या प्लग निकालते समय हमेशा पैरों में रबर की चप्पल पहनें और गीले हाथों से स्विच को न छुएं. सतर्कता ही बचाव है.

