बांसवाड़ा शहर की राजतलाब थाना पुलिस ने युवक को डरा-धमकाकर अगवा करने और लूटपाट करने की एक सनसनीखेज वारदात का पर्दाफाश किया है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात में शामिल दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है. बदमाशों ने एक युवक को जबरन अपनी स्कूटी पर बैठाया और सुनसान जगह ले जाकर उसके हाथ से चांदी का कड़ा और मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए थे. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी अनुसंधान की मदद से दोनों को दबोचने में सफलता हासिल की है.
डरा-धमकाकर स्कूटी पर बिठाया, फिर की लूट
जानकारी के अनुसार, पीड़ित युवक राजतलाब थाना क्षेत्र के पुराना बस स्टैंड के पास खड़ा था. इसी दौरान स्कूटी पर सवार होकर आए दो बदमाशों ने उसे घेर लिया और डरा-धमकाकर जबरन अपनी स्कूटी पर बैठा लिया. बदमाश उसे अगवा कर एमजी हॉस्पिटल तिराहे के पास एक सुनसान जगह पर ले गए. वहाँ बदमाशों ने पीड़ित के साथ मारपीट का डर दिखाया और उसके हाथ में पहना हुआ कीमती चांदी का कड़ा और जेब में रखा मोबाइल फोन जबरन लूट लिया. वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों बदमाश स्कूटी पर सवार होकर रफूचक्कर हो गए.
CCTV फुटेज और मुखबिर तंत्र से खुला राज
लूट की गंभीर वारदात की सूचना मिलते ही राजतालाब थाने के एसआई गंगाराम के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया. पुलिस टीम ने घटनास्थल और बदमाशों के भागने वाले रास्तों के सीसीटीवी (CCTV) फुटेज खंगाले. फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई. इसी दौरान मुखबिर से मिली सटीक सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को डिटेन कर लिया.
प्रतापगढ़ और बांसवाड़ा के रहने वाले हैं आरोपी
थाने लाकर की गई गहन पूछताछ में दोनों आरोपियों ने लूट की वारदात को अंजाम देना कबूल कर लिया, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अशरफ उर्फ चिलम (26) पुत्र शमीम खान, निवासी हाउसिंग बोर्ड, बांसवाड़ा और शंकरलाल निनामा (19) पुत्र गजेन्द्र निनामा, निवासी जैथलिया, पीपलखूंट (प्रतापगढ) के रूप में हुई है.
एक अन्य आरोपी प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार
राजतलाब पुलिस ने एक अन्य सफलता हासिल करते हुए मोटरसाइकिल चोरी के मामले में वांछित चल रहे एक और आरोपी रेहान मोहम्मद उर्फ टेपा (20) पुत्र शाबीर खान, निवासी हुसैनी चौक (बांसवाड़ा) को जिला जेल से प्रोडक्शन वारंट के जरिए गिरफ्तार किया है. पुलिस अब इन बदमाशों से अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है.

