Headlines

बाँसवाड़ा: मदारेश्वर रोड से दो दिन से लापता युवक का नहर में मिला शव, इलाके में शोक की लहर

बाँसवाड़ा शहर के कोतवाली थाना इलाके से एक बेहद दुखद और सनसनीखेज मामला सामने आया है. मदारेश्वर रोड से पिछले दो दिनों से लापता एक 28 वर्षीय युवक का शव गुरुवार सुबह स्थानीय चार नंबर नहर में तैरता हुआ मिला. शव मिलने की खबर फैलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवा दिया है.

मंगलवार से लापता था युवक, परिजनों ने दर्ज कराई थी रिपोर्ट

मिली जानकारी के अनुसार, शहर के मदारेश्वर रोड (गली नंबर 7) निवासी अयाजुद्दीन शेख (उम्र करीब 28 वर्ष) पुत्र फयाजुद्दीन शेख, जिन्हें स्थानीय लोग ‘बबलू भाई’ के नाम से भी जानते थे, मंगलवार से अचानक बिना बताए घर से कहीं चले गए थे. जब वे काफी देर तक घर नहीं लौटे, तो परिजनों ने अपने स्तर पर उनकी हर संभावित जगह तलाश की. कोई सुराग नहीं मिलने पर थक-हारकर परिजनों ने कोतवाली पुलिस थाने में उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी.

सुबह नहर में तैरती मिली लाश, गोताखोरों ने निकाला बाहर

गुमशुदगी दर्ज होने के बाद पुलिस और परिजन लगातार अयाजुद्दीन की तलाश कर रहे थे. इसी बीच गुरुवार सुबह मदारेश्वर के पास स्थित चार नंबर नहर के पास से गुजर रहे स्थानीय ग्रामीणों ने पानी में एक युवक का शव तैरता हुआ देखा. ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना कोतवाली थाना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस जाब्ता मौके पर पहुंचा और स्थानीय गोताखोरों की मदद से काफी मशक्कत के बाद शव को नहर से बाहर निकाला. जब शिनाख्त की गई, तो वह शव लापता अयाजुद्दीन का ही निकला.

महात्मा गांधी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया शव, जांच जारी

पुलिस ने घटना स्थल की कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को जिला मुख्यालय के महात्मा गांधी (MG) अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा. वहीं, मृतक के चचेरे भाई निजामुद्दीन शेख और अन्य परिजनों का कहना है कि अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि अयाजुद्दीन नहर तक कैसे पहुंचे और उनके साथ कोई हादसा हुआ है या मामला कुछ और है. पुलिस हर एंगल से मामले की गहराई से जांच कर रही है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *