उदयपुर के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल दूधतलाई से बुधवार शाम एक बेहद डराने वाली खबर सामने आई. यहां अचानक बदले मौसम और तेज अंधड़ के बीच जिप लाइन पर दो पर्यटकों की जान आफत में पड़ गई. मौसम खराब होने के बावजूद लापरवाही पूर्वक संचालन जारी रखने के कारण दोनों पर्यटक करीब 70 फीट से अधिक की ऊंचाई पर, हवा के बीचों-बीच फंस गए. करीब 7 से 8 मिनट तक दोनों हवा में लटके रहे, जिससे नीचे खड़े लोगों की सांसें थम गईं.
तेज हवा के दबाव से बीच रास्ते में ही अटक गए पर्यटक
जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम करीब 6 बजे दो युवक दूधतलाई स्थित 630 मीटर लंबी जिप लाइन की राइड का आनंद लेने पहुंचे थे. दोनों पर्यटकों ने माणिक्य लाल वर्मा पार्क से दीनदयाल पार्क की ओर जाने वाले ट्रैक पर राइड शुरू की. लेकिन जैसे ही वे आगे बढ़े, अचानक मौसम बिगड़ गया और तेज हवाओं का दबाव बढ़ गया. हवा के भारी दबाव के कारण दोनों युवक लगभग 100 मीटर की दूरी तय करने के बाद बीच रास्ते में ही तार पर अटक गए.
मदद के लिए चीख-पुकार, नीचे मची अफरा-तफरी
खुद को इतनी ऊंचाई पर हवा में फंसा देख दोनों पर्यटकों के होश उड़ गए और उन्होंने घबराकर मदद के लिए आवाजें लगाना शुरू कर दिया. उनकी चीख-पुकार सुनकर दूधतलाई क्षेत्र में घूम रहे सैकड़ों स्थानीय लोगों और पर्यटकों की भारी भीड़ नीचे जमा हो गई. मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. लोगों को डर था कि यदि हवा का वेग और बढ़ा या कोई तकनीकी खराबी हुई, तो बड़ा हादसा हो सकता है.
बचावकर्मियों ने किया रेस्क्यू
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिप लाइन के ऑपरेटर और बचावकर्मियों (Rescue Team) ने तुरंत मोर्चा संभाला और रेस्क्यू अभियान शुरू किया. बचाव दल ने सूझबूझ दिखाते हुए तार के बीच फंसे दोनों पर्यटकों को सुरक्षित खींचकर बाहर निकाला. सुरक्षित जमीन पर आने के बाद दोनों युवकों ने राहत की सांस ली. हालांकि, वे इस कदर सहमे हुए थे कि रेस्क्यू के तुरंत बाद वहां से चले गए, जिससे उनकी पहचान नहीं हो सकी.

