डूंगरपुर जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां शादी की खुशियां पल भर में डर और चीख-पुकार में बदल गईं. रामसागड़ा थाना क्षेत्र के सिंदवाई गांव के पास अज्ञात बदमाशों ने एक दूल्हे, उसके भाइयों और पिता पर पत्थरों व कड़े से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. बदमाश दूल्हे के गले से सोने की चेन, शादी की लग्न पत्रिका और पारंपरिक कटार लूटकर फरार हो गए.
शराब के पैसे न देने पर किया हमला
प्राप्त जानकारी के अनुसार, माड़ा गांव निवासी महेश की दो दिन बाद यानी 20 जून को शादी है. महेश अपने भाई ईश्वर और फुफेरे भाई अश्विन के साथ बाइक पर सवार होकर काकरादरा दुकान से शादी का सामान लेने जा रहा था. जैसे ही वे सिंदवाई गांव के पास पहुंचे, घात लगाए बैठे बदमाशों ने उनकी बाइक रुकवाकर चाबी निकाल ली. बदमाशों ने उनसे शराब पीने के लिए पैसों की मांग की. जब युवकों ने पैसे देने से इनकार किया, तो बदमाशों ने उन पर पत्थरों और हाथ में पहने भारी कड़ों से हमला कर दिया.
बीच-बचाव करने आए पिता को भी पीटा
लहूलुहान हालत में युवकों ने तुरंत अपने परिजनों को फोन किया. सूचना मिलते ही महेश के पिता संतोष बरांडा मौके पर पहुंचे और बेटों को बचाने का प्रयास किया. लेकिन बेखौफ बदमाशों ने उनके साथ भी लात-घूसों और पत्थरों से बेरहमी से मारपीट की। वारदात के बाद बदमाश बाइक को पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर सामान लूटकर भाग गए.
अस्पताल में भर्ती, पुलिस जांच में जुटी
परिजनों ने सभी घायलों को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां गंभीर रूप से घायल दूल्हे महेश और उसके भाई ईश्वर का इलाज चल रहा है. वहीं पिता संतोष और अश्विन को मामूली चोटें आई हैं. घटना की सूचना मिलने के बाद रामसागड़ा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हुलिए के आधार पर फरार बदमाशों की सरगर्मी से तलाश कर रही है. इस घटना से शादी वाले घर में सन्नाटा पसरा हुआ है.

