Headlines

प्रतापगढ़: NH-56 पर भीषण सड़क हादसा, ट्रेलर की टक्कर से बाइक सवार की मौत, 14 वर्षीय बालक गंभीर घायल

प्रतापगढ़ जिले के पीपलखूंट थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-56 पर देर रात एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है. यहाँ एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक को सामने से जोरदार टक्कर मार दी. इस भीषण हादसे में बाइक सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसके साथ बैठा 14 वर्षीय एक बालक गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद आरोपी ट्रेलर चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है.

सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने मारी टक्कर

पीपलखूंट थाना अधिकारी छबीलाल ने बताया कि हादसा क्षेत्र के सेमलिया गांव के निकट हुआ. जानकारी के अनुसार, रेंणदा निवासी पप्पू मीणा अपने ही गांव के 14 वर्षीय बालक संजू के साथ बाइक पर सवार होकर प्रतापगढ़ से वापस अपने घर लौट रहा था. इसी दौरान सेमलिया गांव के पास सामने से आ रहे एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार ट्रेलर ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पप्पू मीणा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, वहीं संजू गंभीर रूप से घायल हो गया.

ग्रामीणों ने किया हंगामा, हाईवे पर लगा जाम

हादसे की सूचना मिलते ही पीपलखूंट थाना पुलिस और एम्बुलेंस तुरंत मौके पर पहुंची. इस बीच दुर्घटना की खबर आग की तरह फैली और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण घटनास्थल पर जमा हो गए. हाईवे पर लगातार हो रहे हादसों से आक्रोशित ग्रामीणों ने मौके पर हंगामा शुरू कर दिया, जिससे राष्ट्रीय राजमार्ग-56 पर कुछ समय के लिए जाम की स्थिति बन गई. पुलिस ने मौके पर सूझबूझ दिखाते हुए ग्रामीणों से समझाइश की और उन्हें शांत कराकर हाईवे पर यातायात को सुचारू करवाया.

अस्पताल में इलाज जारी, शव मोर्चरी में रखवाया

पुलिस ने घायल बालक संजू को तुरंत जिला चिकित्सालय भिजवाया, जहां गंभीर हालत में उसका उपचार जारी है. वहीं, मृतक पप्पू मीणा के शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सुपुर्द किया जाएगा. गौरतलब है कि एनएच-56 पर बढ़ते हादसों को लेकर स्थानीय सामाजिक संगठनों और राजनीतिक दलों द्वारा लगातार सुरक्षा उपाय बढ़ाने की मांग की जा रही है. फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार ट्रेलर और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *