उदयपुर जिला मुख्यालय के सवीना थाना क्षेत्र से चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है. यहाँ के पॉश इलाके आर के पूरम में बीती रात शातिर चोरों ने एक सूने मकान को अपना निशाना बनाया और नकदी व जेवरात पर हाथ साफ कर दिया. पूरी वारदात घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस अब चोरों की तलाश में जुट गई है.
रेकी कर दीवार फांदी, फिर तोड़े ताले

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आर के पूरम निवासी मकान मालिक रवि गोराना अपने परिवार के साथ एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए चंडीगढ़ गए हुए थे. घर सूना था, जिसका फायदा चोरों ने उठाया। सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, रात करीब 3 बजे बाइक पर सवार होकर दो नकाबपोश चोर इलाके में पहुंचे. चोरों ने पहले शातिर तरीके से मकान की रेकी की और फिर सुरक्षा दीवार फांदकर घर के अंदर कूद गए। इसके बाद चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ा और कमरों में रखी अलमारियों व लॉकर के ताले तोड़कर सारा सामान अस्त-व्यस्त कर दिया.
सुबह पड़ोसियों ने दी सूचना
वारदात का खुलासा आज सुबह तब हुआ जब पड़ोसियों ने रवि गोराना के घर का मुख्य गेट और अंदर का दरवाजा खुला देखा. अनहोनी की आशंका होने पर जब पड़ोसी अंदर गए तो सारा सामान बिखरा पड़ा था. पड़ोसियों ने तुरंत इसकी सूचना मकान मालिक रवि गोराना और सवीना थाना पुलिस को दी.
जांच में जुटी पुलिस, कॉलोनी में दहश
सूचना मिलते ही सवीना थाना पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से मौका मुआयना किया. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है, जिसमें चोरों की हरकतें साफ नजर आ रही हैं. हालांकि, घर से कुल कितने मूल्य के जेवरात और नकदी चोरी हुई है, इसका सटीक आकलन मकान मालिक के चंडीगढ़ से उदयपुर वापस लौटने के बाद ही हो पाएगा.

