Headlines

बांसवाड़ा: आगामी त्योहार मोहर्रम को लेकर प्रशासन अलर्ट, शांति समिति की बैठक में कलक्टर की सख्त हिदायत, पुलिस ने निकाला फ्लैग मार्च

बांसवाड़ा आगामी धार्मिक त्योहार मोहर्रम के मद्देनजर बांसवाड़ा जिले में शांति, कानून व्यवस्था और आपसी भाईचारा बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह मुस्तैद हो गई है. मंगलवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में जिला कलक्टर डॉ. इंद्रजीत यादव की अध्यक्षता में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक में कलक्टर ने दो टूक शब्दों में कहा कि बांसवाड़ा की पहचान हमेशा से आपसी भाईचारे की रही है और इसे हर हाल में कायम रखा जाएगा.

संवेदनशील इलाकों में पुलिस का फ्लैग मार्च

आमजन को सुरक्षा का भरोसा दिलाने और कानून व्यवस्था को परखने के लिए पुलिस ने मंगलवार शाम को शहर के संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च निकाला. पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी के निर्देश पर शहर कोतवाल बुद्धाराम बिश्नोई के नेतृत्व में यह मार्च पाल मस्जिद क्षेत्र से शुरू होकर कंधारवाड़ी सहित विभिन्न प्रमुख मार्गों से होते हुए पुलिस कंट्रोल रूम पर संपन्न हुआ. पुलिस ने साफ संदेश दिया कि शांति भंग करने वाले असामाजिक तत्वों से सख्ती से निपटा जाएगा.

सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाई तो खैर नहीं: एसपी

बैठक में एसपी सुधीर जोशी ने सख्त लहजे में चेतावनी दी कि जिले का सौहार्द बिगाड़ने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई होगी. साइबर सेल सोशल मीडिया के हर प्लेटफॉर्म पर पैनी नजर रख रही है. उन्होंने अपील की कि कोई भी भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट साझा न करें. इसके साथ ही मोहर्रम के जुलूसों के दौरान समय की मर्यादा का पालन करने और आयोजकों को वॉलंटियर्स की सूची पुलिस को सौंपने के निर्देश दिए गए.

मूलभूत सुविधाएं दुरुस्त करने और डायलाब में पानी भरने की मांग

कलक्टर ने अधिकारियों को त्योहार के दौरान निर्बाध बिजली, सुचारू पेयजल आपूर्ति, सफाई और यातायात व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए. बैठक में पूर्व मंत्री भवानी जोशी सहित समिति के सदस्यों ने जुलूस मार्गों के लटकते बिजली तारों को ठीक करने और डायलाब तालाब में पानी भरने की मांग उठाई. सभी समुदायों के प्रतिनिधियों ने प्रशासन को भरोसा दिलाया कि त्योहार हमेशा की तरह शांतिपूर्ण और मिल-जुलकर मनाया जाएगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *