Headlines

बांसवाड़ा: पी.एम. गोल्ड के प्रोपराइटर संदीप जैन पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज, कोर्ट के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने शुरू की जांच

बांसवाड़ा शहर की बाहुबली कॉलोनी निवासी एक पीड़ित से सोने के सिक्कों के नाम पर 5 लाख रुपए हड़पने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. पीड़ित की शिकायत पर बांसवाड़ा कोतवाली पुलिस ने कोर्ट के इस्तगासे (आदेश) के बाद पी.एम. गोल्ड फर्म के प्रोपराइटर संदीप जैन के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है. पुलिस अब इस पूरे मामले की कड़ियों को जोड़ने में जुट गई है.

शादी के लिए खरीदने थे 999 शुद्धता के गोल्ड कॉइन

परिवादी कैलाशचंद्र मूंदड़ा (निवासी- बाहुबली कॉलोनी, बांसवाड़ा) ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि आरोपी संदीप जैन ने अपनी फर्म ‘पी.एम. गोल्ड’ का बाजार में बड़ा प्रचार-प्रसार कर रखा था. आरोपी का दावा था कि उसकी फर्म पर हॉलमार्क जेवर और 999 शुद्धता के असली गोल्ड कॉइन बेचे जाते हैं. परिवादी को अपने बेटे और बेटी की शादी के लिए सोने के सिक्के खरीदने थे. आरोपी ने अपनी फर्म को वर्षों पुरानी और बेहद विश्वसनीय बताकर पीड़ित को झांसे में ले लिया.

5 लाख रुपए हड़पे, सालभर तक चक्कर कटवाए

भरोसे में आकर कैलाशचंद्र ने शुद्ध गोल्ड कॉइन के लिए आरोपी की फर्म में 5 लाख रुपए नकद जमा करा दिए. भुगतान के समय आरोपी ने आश्वासन दिया था कि पांच दिन के भीतर बिल सहित गोल्ड कॉइन डिलीवर कर दिए जाएंगे. लेकिन तय समय बीतने के बाद भी सिक्के नहीं मिले. पीड़ित ने जब भी संपर्क किया, उसे टरका दिया गया. एक साल से अधिक समय बीत जाने के बाद भी जब न तो सोने के सिक्के मिले और न ही रकम वापस लौटी, तब पीड़ित ने पहले कोतवाली थाने में शिकायत की. वहां सुनवाई न होने पर पीड़ित ने न्यायालय की शरण ली.

दस्तावेजों और बैंक लेन-देन की जांच करेगी पुलिस

न्यायालय के आदेश पर अब बांसवाड़ा कोतवाली थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी गई है. इस धोखाधड़ी से जुड़े बैंक लेन-देन, भुगतान संबंधी दस्तावेज, रसीदें और दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जाएंगे. जांच में जो भी साक्ष्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *