Headlines

बांसवाड़ा: सज्जनगढ़ में खूंखार कुत्ते का आतंक, घर के आंगन में बैठी महिला पर हमला कर किया लहूलुहान, गाल और हाथ पर आए 40 टांके

बांसवाड़ा जिले के सज्जनगढ़ थाना क्षेत्र के बडवेल गांव में एक खूंखार कुत्ते के आतंक से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है. गुरुवार देर शाम घर के आंगन में बैठी एक महिला पर इस जंगली कुत्ते ने अचानक हमला कर बुरी तरह नोच डाला. हमले में महिला के गाल और हाथ पर बेहद गहरे घाव हो गए, जिसके बाद उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल भर्ती कराया गया. डॉक्टरों को महिला के घावों को ठीक करने के लिए करीब 40 टांके लगाने पड़े हैं.

खाना खाने के बाद आंगन में बैठी थी महिला

108 एम्बुलेंस के पायलट पंकज कुमार जाटव से मिली जानकारी के अनुसार, बडवेल निवासी हीरा देवी पत्नी मकना रात को अपने घर के आंगन में खाना खाने के बाद बैठी हुई थीं. इसी दौरान अचानक एक खूंखार कुत्ता वहां आ धमका और सीधे हीरा देवी पर झपट पड़ा। महिला जब तक संभल पाती, कुत्ते ने उनके हाथ, गाल और होंठ को बुरी तरह चबा डाला.

चीख-पुकार सुनकर दौड़े ग्रामीण, दो अन्य को भी काटा

महिला की चीख-पुकार सुनकर परिजन और आसपास के ग्रामीण लाठियां लेकर मौके पर दौड़े और बमुश्किल कुत्ते को वहां से खदेड़ा. घायल महिला को तुरंत सज्जनगढ़ के स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया. कुत्ते के इस जानलेवा हमले में महिला के चेहरे और हाथ पर 40 टांके आए हैं.

पायलट पंकज कुमार ने बताया कि इस खूंखार कुत्ते ने केवल हीरा देवी ही नहीं, बल्कि गांव के दो अन्य लोगों को भी अपना शिकार बनाकर घायल किया है. एक ही दिन में तीन लोगों पर हुए इस हमले के बाद से बडवेल गांव के लोग घरों से बाहर निकलने में भी कतरा रहे हैं और पूरे इलाके में खौफ का माहौल है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *