Headlines

सीकर: NEET छात्रों की हॉस्टल में बेरहमी से पिटाई, वीडियो वायरल होने के बाद संचालक व बाउंसरों पर FIR

सीकर से छात्र सुरक्षा पर सवाल खड़े करने वाली एक बेहद गंभीर और शर्मनाक घटना सामने आई है. यहाँ के उद्योग नगर थाना क्षेत्र स्थित ‘पार्थ बॉयज हॉस्टल’ में नीट (NEET) की तैयारी कर रहे दो नाबालिग छात्रों के साथ हॉस्टल संचालक और बाउंसरों द्वारा लाठी-डंडों व पीवीसी पाइप से बेरहमी से मारपीट करने का मामला प्रकाश में आया है. इस बर्बरता का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया, जिसके बाद पीड़ितों के परिजनों ने सीकर पहुंचकर पुलिस में मामले दर्ज करवाए हैं.

जातिसूचक गालियां दीं और बंधक बनाकर रखा

पीड़ित छात्र तरुण बैरवा (17) के पिता संजय कुमार बैरवा द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, तरुण पिछले करीब डेढ़-दो साल से सीकर में रहकर नीट की तैयारी कर रहा है. 26 जून की रात करीब 10 से 12 बजे के बीच हॉस्टल संचालक हेतराम मुंड के रिश्तेदार से किसी बात पर तरुण और उसके साथी छात्र मुनेश गुर्जर की कहासुनी हो गई थी.

विवाद बढ़ने पर हॉस्टल संचालक ने बाउंसर सुभाष वाजिया, दिनेश जाट, सूर्यवीर और दीपक यादव को बुलाया. आरोप है कि इन लोगों ने छात्रों को लात-घूंसों और पाइपों से बेरहमी से पीटा.

पीड़ित तरुण ने बताया कि जब एक बाउंसर ने उसकी जाति पूछी, तो ‘बैरवा’ बताने पर आरोपियों ने जातिसूचक गालियां दीं और प्रताड़ित किया. मारपीट के बाद दोनों छात्रों के मोबाइल छीन लिए गए और उन्हें कमरे में बंद कर धमकी दी गई ताकि वे परिजनों को सूचित न कर सकें.

चोरी-छिपे फोन करने पर खुला राज

घटना के अगले दिन घायल छात्रों को बिना इलाज के ही कोचिंग भेज दिया गया. बाद में एक रूममेट की मदद से छात्रों ने चोरी-छिपे परिजनों को आपबीती बताई. लगातार फोन बंद मिलने और सोशल मीडिया पर मारपीट का वीडियो सामने आने के बाद परिजन तुरंत सीकर पहुंचे.

पुलिस ने शुरू की जांच, कोचिंग संस्थान ने पल्ला झाड़ा

उद्योग नगर थाना पुलिस ने पीड़ितों के बयान और वायरल वीडियो के आधार पर एससी-एसटी (SC/ST) एक्ट सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. उधर, शिकायत में नाम आने पर ‘पथ कैरियर इंस्टीट्यूट’ के संचालक अमित कुमार शर्मा ने सफाई दी है कि इस हॉस्टल से उनकी कोचिंग का कोई आधिकारिक संबंध नहीं है. बहरहाल, पुलिस दोषियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *