Headlines

उदयपुर: मुखर्जी चौक पर सब्जी मंडी हटाने को लेकर भारी बवाल, कार्रवाई के विरोध में उतरी कांग्रेस

उदयपुर शहर के ऐतिहासिक और बेहद व्यस्त मुखर्जी चौक पर शुक्रवार सुबह उस समय भारी हंगामा और विवाद खड़ा हो गया, जब नगर निगम की टीम पुलिस जाब्ते के साथ फुटपाथ पर बैठने वाली महिला फल-सब्जी विक्रेताओं को हटाने पहुंची. निगम यहां पार्किंग स्थल बनाने की योजना के तहत इन दुकानदारों को मंडी के अंदर शिफ्ट करना चाहता है. इसके विरोध में सालों से अस्थाई दुकानें लगा रहीं महिलाएं अपनी जगह से उठने को तैयार नहीं हैं, जिसके चलते मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई.

भारी पुलिस जाब्ता तैनात, कांग्रेस ने किया तीखा विरोध

कार्रवाई की सूचना मिलते ही कांग्रेस के शहर जिलाध्यक्ष फतेह सिंह राठौड़ और पूर्व पार्षद नजमा मेवाफरोश कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंच गए. उन्होंने निगम की इस कार्रवाई का कड़ा विरोध करते हुए जमकर आक्रोश जताया. स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए मौके पर डीएसपी समेत सूरजपोल और धानमंडी थाने का अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है.

निगम के कर्मचारियों ने जब सड़क किनारे पड़े पत्थर और अन्य सामान को ट्रैक्टर में भरना शुरू किया, तो महिलाओं और कांग्रेस नेताओं ने उन्हें रोक दिया. कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि स्मार्ट प्लानिंग और एसी कमरों में बैठकर बनाई जा रही नीतियों के नाम पर 40 सालों से आजीविका चला रहीं गरीब महिलाओं को उजाड़ा जा रहा है. इससे करीब 35 से अधिक परिवार सीधे तौर पर प्रभावित होंगे। उन्होंने कार्रवाई के पीछे भेदभाव की राजनीति होने की बात भी कही.

निगम का तर्क: ट्रैफिक और सुरक्षा बड़ी चुनौती

दूसरी ओर, नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने इस कार्रवाई को शहर के हित में बताया. उन्होंने स्पष्ट किया कि मुखर्जी चौक एक बेहद व्यस्त और संवेदनशील क्षेत्र है। मुख्य सड़क पर लगने वाले इस अस्थाई बाजार के कारण आए दिन ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रहती है, जो सुरक्षा और यातायात के लिहाज से बड़ी चुनौती है.

फिलहाल, मौके पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी प्रदर्शनकारी महिलाओं और कांग्रेस नेताओं से समझाइश का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन दुकानदार बिना किसी ठोस और सुरक्षित विकल्प के वहां से हटने को तैयार नहीं हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *