बांसवाड़ा भुंगड़ा थाना क्षेत्र के खेर डाबरा गांव के पास बुधवार मध्य रात्रि एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है. यहाँ एक अज्ञात वाहन की टक्कर से 25 वर्षीय बाइक सवार युवक की मौत हो गई. हादसे के बाद व्यवस्थाओं की एक बेहद लाचार तस्वीर भी देखने को मिली, जहां समय पर एम्बुलेंस न मिलने के कारण मजबूर परिजन घायल युवक को मोटरसाइकिल पर बीच में बैठाकर अस्पताल ले जाने को मजबूर हो गए.
घर से मात्र 500 मीटर की दूरी पर हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, खेर डाबरा निवासी राहुल (पुत्र भाणजी) बुधवार रात करीब साढ़े 8 बजे अपनी बाइक लेकर किसी काम से घर से निकला था. अभी वह घर से करीब 500 मीटर दूर ही पहुंचा था कि किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि राहुल गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गया.
हादसे के बाद राहुल काफी देर तक लहूलुहान हालत में सड़क पर ही तड़पता रहा. वहां से गुजर रहे कुछ ग्रामीणों की नजर जब उस पर पड़ी, तो उन्होंने तुरंत उसके परिवार को इस दुर्घटना की सूचना दी.
समय पर नहीं आई एम्बुलेंस , परिजनों की बेबसी
सूचना मिलते ही परिजन बदहवास हालत में मौके पर पहुंचे. उन्होंने तुरंत एम्बुलेंस को फोन किया, लेकिन काफी इंतजार के बाद भी एम्बुलेंस मौके पर नहीं पहुंची. इस बीच राहुल की हालत लगातार बिगड़ती जा रही थी और उसका खून बह रहा था.
अस्पताल ले जाने का कोई और साधन न देखकर, मजबूर परिजन राहुल को अपनी ही एक मोटरसाइकिल पर बीच में बैठाकर जैसे-तैसे महात्मा गांधी अस्पताल की तरफ भागे.
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
परिजन जब राहुल को लेकर अस्पताल पहुंचे, तो वहां तैनात ड्यूटी डॉक्टर हरीश चरपोटा ने तुरंत उसका परीक्षण किया. लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी और राहुल की सांसें थम चुकी थीं. डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया.
जांच में जुटी पुलिस: घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवाया. पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला मोटरसाइकिल अनियंत्रित होने का भी लग रहा है, हालांकि हादसा कैसे हुआ इसकी पूरी जांच की जा रही है. समय पर इलाज न मिलने से युवक की मौत के बाद गांव में शोक और रोष का माहौल है.

