प्रतापगढ़ जिले के सुहागपुरा बस स्टैंड के पास बुधवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है. यहाँ एक तेज रफ्तार रोडवेज बस ने बाइक सवार युवक को अपनी चपेट में ले लिया. भिड़ंत इतनी भीषण थी कि युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. हादसे के बाद सुहागपुरा थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया.

गांव लौटते समय हुआ हादसा
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान बगदीराम (26) पुत्र कालूराम मीणा, निवासी मोटा धामनिया के रूप में हुई है. बुधवार रात करीब 9 बजे बगदीराम अपनी बाइक से सुहागपुरा से वापस अपने गांव लौट रहा था. इसी दौरान सुहागपुरा बस स्टैंड के पास सामने से (प्रतापगढ़ की ओर से) आ रही एक रोडवेज बस ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर लगते ही बगदीराम सड़क पर गिर गया और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया.
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव
हादसे के बाद गुरुवार दोपहर करीब 12:30 बजे मृतक के भाई शांतिलाल ने सुहागपुरा थाना पुलिस के समक्ष मोर्चरी में रिपोर्ट दर्ज कराई. परिजनों की रिपोर्ट और कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर उसे अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया.
रोडवेज बस जब्त, जांच शुरू: सुहागपुरा थाने के सहायक पुलिस उपनिरीक्षक भंवरलाल ने बताया कि परिजनों से मिली रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस ने दुर्घटनाकारित रोडवेज बस को अपने कब्जे में ले लिया है और हादसे के कारणों की गहनता से जांच की जा रही है.

