बांसवाड़ा जिले में अपराधियों और तस्करों के खिलाफ कानून का शिकंजा कसने के लिए बांसवाड़ा जिला पुलिस ने शनिवार को एक दिवसीय विशेष अभियान ‘एरिया डोमिनेशन’ चलाकर बड़ी कार्रवाई की है. उदयपुर रेंज आईजी गौरव श्रीवास्तव के आदेशानुसार और पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी के निर्देशन में पुलिस ने चक्रव्यूह रचकर जिले भर में एक साथ ताबड़तोड़ छापेमारी की.

60 टीमों ने 424 ठिकानों पर दी दबिश
इस मेगा ऑपरेशन को सफल बनाने के लिए जिला पुलिस की 60 विशेष टीमों का गठन किया गया था. इसमें 301 पुलिसकर्मियों ने शामिल होकर अपराधियों के 424 चिन्हित ठिकानों पर एक साथ दबिश दी और कुल 244 आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की. इस पूरी कार्रवाई की मॉनिटरिंग खुद एसपी सुधीर जोशी और एएसपी नरपत सिंह कर रहे थे.
‘ऑपरेशन त्रिनेत्र’ में 58 शराब भट्टियां ध्वस्त, महुआ वॉश नष्ट

पुलिस ने अवैध शराब माफियाओं के खिलाफ ‘ऑपरेशन त्रिनेत्र’ के तहत आबकारी अधिनियम में 20 मामले दर्ज कर 2 आरोपियों और 3 वांछितों को गिरफ्तार किया. कार्रवाई के दौरान 161 लीटर देसी हथकड़ शराब बरामद की गई, वहीं 58 अवैध भट्टियों को तोड़कर करीब 7,730 लीटर महुआ वॉश को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया.
हत्या के प्रयास के वांछित, वारंटी और हिस्ट्रीशीटर दबोचे
अभियान के तहत कुशलगढ़ थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में वांछित चल रहे 3 आरोपियों को दबोचा. इसके अलावा, पुलिस ने स्थाई वारंटी, उद्घोषित अपराधी, गिरफ्तारी वारंट और 138 एनआई एक्ट के तहत दर्जनों वांछितों को गिरफ्तार किया. वहीं खमेरा थाना पुलिस ने कुर्की वारंट के तहत कार्रवाई कर 44 हजार रुपए की वसूली की.
अपराधियों को सख्त संदेश
इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 98 हिस्ट्रीशीटरों की चेकिंग की और संपत्ति संबंधी अपराधों (लूट, डकैती, नकबजनी, चोरी) में लिप्त रहे 93 अपराधियों को थाने लाकर कड़ाई से पूछताछ की. एसपी सुधीर जोशी ने बताया कि जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों में खौफ पैदा करने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे.

