Headlines

बांसवाड़ा: पारिवारिक विवाद ने लिया खूनी रूप, मामूली बहस के बाद ताई के बेटे ने चाची के पेट में घोंपा चाकू, हालत गंभीर

बांसवाड़ा जिले के भूंगड़ा थाना क्षेत्र के गागरिया भमरकढ़ा गांव में पारिवारिक कलह के चलते एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. यहाँ मामूली कहासुनी के बाद एक युवक ने आवेश में आकर अपनी ही सगी चाची पर जानलेवा हमला कर दिया. आरोपी ने महिला के पेट में धारदार चाकू घोंप दिया, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ी. गंभीर हालत में महिला को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ वह जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही है.

ताई और चाची के बीच हुआ था झगड़ा

अस्पताल में भर्ती पीड़िता सीमा नीनामा के बेटे राकेश ने बताया कि घर में उसकी माँ और ताई (बड़ी मम्मी) के बीच किसी घरेलू बात को लेकर कहासुनी हो गई थी. देखते ही देखते दोनों महिलाओं के बीच विवाद काफी बढ़ गया. इसी दौरान ताई का बेटा रितेश पुत्र शंकर निनामा भी वहाँ पहुँच गया। महिलाओं के बीच हो रही बहस को देखकर आरोपी युवक अपना आपा खो बैठा.

घर से चाकू लाकर पेट में मारा, आरोपी फरार

राकेश के अनुसार, गुस्साया रितेश तुरंत घर के भीतर गया और एक धारदार चाकू लेकर बाहर आया. उसने बिना कुछ सोचे-समझे सीधे अपनी चाची सीमा के पेट पर जोरदार वार कर दिया. चाकू लगते ही चीख-पुकार मच गई और सीमा खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर गई. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी रितेश मौके से फरार हो गया. परिजनों ने आनन-फानन में गंभीर रूप से घायल सीमा को नजदीकी अस्पताल पहुँचाया, जहाँ डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है. डॉक्टरों के मुताबिक महिला के पेट में गहरा घाव है.

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

घटना की सूचना मिलते ही भूंगड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची. थानाधिकारी देवीलाल ने बताया कि चाकूबाजी और जानलेवा हमले की इस घटना को लेकर पीड़िता के परिवार की रिपोर्ट पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. पुलिस ने मामले का अनुसंधान शुरू कर दिया है. प्राथमिक जांच में सामने आया है कि किसी पुरानी रंजिश और घरेलू विवाद को लेकर इस वारदात को अंजाम दिया गया है. पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *