डूंगरपुर जिले से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है. आसपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत पूंजपुर मार्ग पर एक सवारियों से भरा ऑटो अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया. इस भीषण हादसे में दो मासूम बच्चों और महिलाओं समेत कुल 7 लोग घायल हो गए हैं. दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत डूंगरपुर जिला अस्पताल ले जाया गया, जहाँ फिलहाल उनका उपचार जारी है.
रिश्तेदार के घर से लौट रहा था परिवार
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चुंडीयावाड़ा गांव के निवासी हितेंद्र सिंह राठौड़ अपने परिवार के साथ एक ऑटो में सवार होकर गडा सियालिया स्थित अपने किसी रिश्तेदार के घर गए थे. जब वे सभी वापस अपने गांव चुंडीयावाड़ा लौट रहे थे, तभी लापिया के पास पूंजपुर रोड पर यह हादसा हो गया. बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार होने या अचानक संतुलन खोने की वजह से ऑटो बेकाबू हो गया और सड़क किनारे लगी बाड़ से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो वहीं पलट गया.
हादसे में ये लोग हुए घायल


इस सड़क दुर्घटना में हितेंद्र सिंह राठौड़, उनकी माता देवू कुंवर, बेटी झलक और सेजल सहित परिवार के सात लोग घायल हुए हैं. इनमें से चार लोगों को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि तीन अन्य लोगों को मामूली चोटें पहुंची हैं. घटना की सूचना मिलते ही आसपुर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया. पुलिस ने बताया कि प्राथमिक रूप से ऑटो के अनियंत्रित होने के कारणों की जांच की जा रही है. अस्पताल प्रशासन के अनुसार, सभी घायलों की स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है और उन्हें उचित चिकित्सा मुहैया कराई जा रही है.

