Headlines

प्रतापगढ़: खेत पर बोरवेल से मोटर निकालते समय चेन कूपी और बल्ली टूटी, किसान की दर्दनाक मौत

प्रतापगढ़ जिले के सुहागपुरा थाना क्षेत्र से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है. यहां पनावला गांव में एक खेत पर कृषि कार्य के दौरान हुए अचानक हादसे में एक किसान की जान चली गई. बोरवेल से मोटर निकालने के दौरान उपकरण टूटने से यह भयानक हादसा हुआ. मृतक की पहचान पनावला निवासी 58 वर्षीय सत्यनारायण गुर्जर पुत्र रामलाल गुर्जर के रूप में हुई है. इस घटना के बाद से मृतक के परिवार और पूरे गांव में शोक की लहर छा गई है.

दोस्त के खेत पर मदद करते समय हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, सत्यनारायण गुर्जर अपने एक दोस्त के खेत पर गए हुए थे, जहां बोरवेल से पानी की मोटर निकालने का काम चल रहा था. सत्यनारायण भी इस कार्य में हाथ बंटा रहे थे। इसी दौरान मोटर को ऊपर खींचने के लिए उपयोग में ली जा रही लोहे की चेन कूपी और सपोर्ट के लिए लगाई गई लकड़ी की बल्ली अचानक अत्यधिक दबाव के कारण टूट गई. बल्ली और कूपी का भारी हिस्सा सीधे सत्यनारायण के सिर पर आ गिरा.

अस्पताल पहुंचने से पहले ही थम गई सांसें

हादसा इतना अचानक और भीषण था कि सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण सत्यनारायण मौके पर ही लहूलुहान होकर अचेत हो गए. वहां मौजूद लोगों और परिजनों में हड़कंप मच गया। घटना की तुरंत सूचना सुहागपुरा थाना पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और परिजनों की मौजूदगी में अचेत किसान को आनन-फानन में जिला अस्पताल पहुंचाया. हालांकि, तब तक काफी देर हो चुकी थी और अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.

पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव

सुहागपुरा थाना प्रभारी मनीष वैष्णव ने बताया कि यह हादसा पूरी तरह से कृषि कार्य के दौरान अचानक उपकरण टूटने की वजह से हुआ है. हादसे के संबंध में मृतक के भाई घनश्याम गुर्जर ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है. पुलिस ने परिजनों की उपस्थिति में जिला अस्पताल के मोर्चरी घर में मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाया और वैधानिक कार्रवाई के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सुपुर्द कर दिया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *