Headlines

बांसवाड़ा: घर से निकला 16 साल का छात्र नदी में डूबा, शव बरामद; हत्या या हादसा? जांच में जुटी पुलिस

बांसवाड़ा शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुए एक नाबालिग छात्र का शव शुक्रवार दोपहर नदी से बरामद किया गया है। 16 वर्षीय छात्र की मौत के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है. परिजन इसे हत्या की साजिश बता रहे हैं, वहीं पुलिस हादसे और हत्या दोनों ही एंगल से मामले की गहनता से जांच कर रही है.

दोस्तों के साथ गया था नदी, कल से था लापता

कोतवाली थानाधिकारी बुद्धाराम बिश्नोई ने बताया कि तिरुपति नगर (समिति कॉलोनी) निवासी अमरदीप सिंह राठौड़ का 16 वर्षीय पुत्र देवराज राठौड़ गुरुवार सुबह घर से निकला था. जब वह देर रात तक वापस नहीं लौटा, तो चिंतित परिजनों ने कोतवाली थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई. पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर छात्र की तलाश शुरू की.

तकनीकी इनपुट और स्थानीय सूचना के आधार पर पुलिस को पता चला कि देवराज अपने दो सहपाठियों (दोस्तों) के साथ पीपलखूंट की तरफ गया था. पुलिस ने जब उसके दोस्तों को दस्तयाब कर पूछताछ की, तो सामने आया कि वे सभी नदी में नहाने गए थे. इसी दौरान गहराई और पानी के तेज बहाव के कारण देवराज नदी में डूब गया.

SDRF ने निकाला शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

नदी में डूबने की सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत SDRF की टीम को मौके पर बुलाया. टीम ने कड़े रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद शुक्रवार दोपहर करीब 3 बजे देवराज का शव नदी से बाहर निकाला.

इस घटनाक्रम के बीच मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका व्यक्त की है. परिजनों के संदेह को देखते हुए पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम सामान्य के बजाय मेडिकल बोर्ड से करवाया है.

हर एंगल से हो रही जांच: थानाधिकारी

थानाधिकारी बिश्नोई ने बताया कि शुरुआती तौर पर मामला नदी में डूबने से हादसे का लग रहा है, लेकिन परिजनों के आरोपों और सोशल मीडिया पर चल रही हत्या की आशंकाओं को ध्यान में रखते हुए पुलिस हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है. छात्र के साथ गए दोस्तों से भी पूछताछ जारी है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *