डूंगरपुर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के भंडारिया पानी दरा गांव से सोमवार को एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है. यहाँ घर के पास ही तालाब के निकट बने पानी से भरे गड्ढे में खेलने के दौरान दो मासूम बच्चे डूब गए. इस हादसे में एक 10 वर्षीय बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

खेलते-खेलते अचानक गड्ढे में गिरे मासूम
प्राप्त जानकारी के अनुसार, भंडारिया गांव के तालाब के पास 10 वर्षीय नरेंद्र और 12 वर्षीय संगीत दोनों बच्चे आपस में खेल रहे थे. खेलते-खेलते अचानक दोनों का संतुलन बिगड़ गया और वे तालाब के बिल्कुल पास ही बने एक गहरे और पानी से लबालब भरे गड्ढे में जा गिरे. बच्चों को पानी में डूबता और छटपटाता देख आसपास मौजूद ग्रामीणों में हड़कंप मच गया.
एक की मौत, दूसरा अस्पताल के ICU में भर्ती
ग्रामीणों ने मुस्तैदी दिखाते हुए तुरंत पानी में छलांग लगाई और दोनों बच्चों को कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाला. परिजन और ग्रामीण दोनों को गंभीर हालत में लेकर तुरंत जिला अस्पताल पहुंचे. वहाँ डॉक्टरों ने जांच के बाद 10 वर्षीय नरेंद्र को मृत घोषित कर दिया.
वहीं, 12 वर्षीय संगीत की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है. उसे अस्पताल के पीआईसीयू (बाल चिकित्सा गहन चिकित्सा इकाई) में वेंटिलेटर और डॉक्टरों की विशेष निगरानी में रखकर उपचार दिया जा रहा है.
गांव में पसरा मातम, पुलिस जांच में जुटी
इस दर्दनाक हादसे के बाद मासूम नरेंद्र के परिवार में कोहराम मच गया और पूरे भंडारिया गांव में मातम पसरा हुआ है. सूचना मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस जिला अस्पताल पहुंची. पुलिस ने मृतक नरेंद्र के शव को जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में सुरक्षित रखवाया है और घटना के संबंध में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी जांच शुरू कर दी है.

