बांसवाड़ा-डूंगरपुर लोकसभा क्षेत्र से भारत आदिवासी पार्टी (BAP) के सांसद राजकुमार रोत के सुरक्षाकर्मी (PSO) पर चाकू से जानलेवा हमले का बेहद गंभीर मामला सामने आया है. वारदात डूंगरपुर पुलिस लाइन क्वार्टर में सोमवार को हुई, जहाँ एक कॉन्स्टेबल ने सांसद के पीएसओ पर चाकू से हमला कर उन्हें लहूलुहान कर दिया. वर्तमान में जिनेवा (स्विट्जरलैंड) के दौरे पर गए सांसद रोत ने इस घटना पर सोशल मीडिया पर पोस्ट लिखकर कड़ी कार्रवाई की मांग की, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सांसद राजकुमार रोत के पीएसओ कपिल कुमार अपने परिवार के साथ डूंगरपुर पुलिस लाइन स्थित सरकारी क्वार्टर में रहते है. उसी बिल्डिंग के पास वाले क्वार्टर में आरोपी कॉन्स्टेबल कांतिलाल भी रहता है. आरोप है कि कांतिलाल आए दिन शराब के नशे में धुत होकर कपिल के परिवार के साथ बदतमीजी करता था.
रविवार रात को भी आरोपी कांतिलाल ने शराब के नशे में धुत होकर कपिल की पत्नी और साली से गाली-गलौज की. जब पत्नी ने इसकी जानकारी कपिल को दी, तो वह रात करीब 12 बजे अपने निर्माणाधीन मकान से पुलिस लाइन क्वार्टर पहुंचे. तभी अचानक आरोपी कांतिलाल अपने क्वार्टर का दरवाजा खोलकर बाहर निकला और कपिल पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया.
सांसद ने सोशल मीडिया पर उठाई आवाज, पुलिस ने किया री-ट्वीट
चाकूबाजी में गंभीर रूप से घायल कांस्टेबल कपिल को तुरंत डूंगरपुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ उनका इलाज जारी है. इस घटना की जानकारी मिलते ही जिनेवा में मौजूद सांसद राजकुमार रोत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर ट्वीट कर राजस्थान पुलिस और उदयपुर आईजी से सख्त कार्रवाई की मांग की.
सांसद के ट्वीट के तुरंत बाद एक्शन में आई डूंगरपुर पुलिस ने री-ट्वीट कर जानकारी दी कि मामले में कोतवाली थाने में केस दर्ज कर लिया गया है और आरोपी कॉन्स्टेबल कांतिलाल को गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि आरोपी के खिलाफ विभागीय जांच और कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है.

